, बसपा की खामोशी और नए गठबंधन की अग्नि परीक्षा
डॉ. पंकज भारद्वाज
स्मार्ट हलचल|उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की रणभेरी भले ही अभी पूरी तरह न बजी हो, लेकिन सियासी शतरंज पर मोहरों की चाल तेज हो चुकी है। सत्ता की कुर्सी पर तीसरी बार काबिज होने का सपना देख रही भाजपा के सामने जहाँ अपनी सत्ता और सियासी समीकरण बचाने की चुनौती है, वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस बार सत्ता में वापसी की उम्मीद के साथ पहले से कहीं अधिक आक्रामक नजर आ रहे हैं। विपक्षी खेमे में नए गठबंधनों की दस्तक भी सुनाई देने लगी है। ऐसे में सवाल केवल यह नहीं है कि 2027 में सरकार किसकी बनेगी, बल्कि यह भी है कि कौन-सा राजनीतिक दल जनता की अपेक्षाओं, नाराजगी और बदलते सामाजिक समीकरणों को अपने पक्ष में करने में सफल होगा।
समाजवादी पार्टी ने चुनावी तैयारियों में एक कदम आगे बढ़ाते हुए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। अखिलेश यादव ने इसे ‘सत्ताईस का संकल्प, पीडीए का प्रणपत्र,जनमन का घोषणापत्र’ नाम दिया है। इसमें रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पुरानी पेंशन, सामाजिक न्याय और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े अनेक वादे किए गए हैं। सरकारी क्षेत्र में 25 लाख नौकरियाँ, बेरोजगार स्नातकों को पाँच हजार रुपये मासिक भत्ता, किसानों के लिए राहत, घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली और पुरानी पेंशन योजना की बहाली जैसे वादे सीधे उन वर्गों को आकर्षित करने का प्रयास हैं, जिनकी अपेक्षाएँ लंबे समय से राजनीतिक दलों के चुनावी एजेंडे का हिस्सा रही हैं।
अखिलेश यादव ने घोषणापत्र के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की है कि उनकी राजनीति केवल सत्ता परिवर्तन तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक बदलाव की दिशा में भी केंद्रित है। हालांकि घोषणापत्र जारी कर देना और उन वादों को जमीन पर उतारना दो अलग-अलग बातें हैं। जनता अब केवल घोषणाओं से संतुष्ट होने वाली नहीं है। वह यह भी जानना चाहेगी कि इन वादों के लिए संसाधन कहाँ से आएँगे और उनका क्रियान्वयन किस प्रकार होगा। सपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने पुराने शासनकाल की छवि से आगे निकलकर कानून-व्यवस्था, विकास और सुशासन के मोर्चे पर विश्वसनीयता स्थापित करने की होगी।
दूसरी ओर भाजपा के भीतर भी सब कुछ उतना सहज दिखाई नहीं दे रहा, जितना सार्वजनिक मंचों से प्रदर्शित किया जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है, लेकिन उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का यह बयान कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा कमल का फूल होगा, राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। सामान्य राजनीतिक दृष्टि से इसे पार्टी की सामूहिक नेतृत्व और चुनाव चिह्न के आधार पर चुनाव लड़ने की रणनीति कहा जा सकता है, लेकिन उत्तर प्रदेश की राजनीति के संदर्भ में इसके निहितार्थ तलाशे जाना स्वाभाविक है।
सवाल उठता है कि जब प्रदेश में योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं और भाजपा का चेहरा भी लंबे समय से वही रहे हैं, तब मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर कमल के फूल को आगे करने की आवश्यकता क्यों महसूस हुई? क्या यह केवल केंद्रीय नेतृत्व की चुनावी रणनीति है या प्रदेश भाजपा में नेतृत्व को लेकर कोई अंतर्विरोध भी मौजूद है? फिलहाल इसे योगी के नेतृत्व पर सीधे सवाल अथवा किसी निश्चित राजनीतिक टकराव का प्रमाण मानना जल्दबाजी होगी, लेकिन इतना अवश्य है कि इस बयान ने चर्चाओं को हवा दी है। भाजपा के लिए चुनौती यह भी होगी कि वह चुनाव से पहले अपने संगठन और नेतृत्व के बीच समन्वय का संदेश जनता तक पहुँचाए।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की राजनीतिक साझेदारी ने भी उत्तर प्रदेश के चुनावी परिदृश्य में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। दोनों नेताओं ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाकर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भी घोषित किया गया है। यह गठबंधन दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहा है। इसके बावजूद इस मोर्चे की वास्तविक ताकत का आकलन अभी कठिन है। किसी समुदाय की जनसंख्या और किसी राजनीतिक दल के पक्ष में उसके मतदान को एक ही तराजू पर नहीं तौला जा सकता। गठबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी लोकप्रियता को विधानसभा सीटों पर प्रभावी चुनावी परिणाम में बदलने की होगी।
इस गठबंधन का प्रभाव सपा और बसपा, दोनों के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। विशेषकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित और मुस्लिम मतदाताओं के समीकरण चुनावी परिणामों को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। हालांकि यह मान लेना कि इन वर्गों का मतदाता किसी एक गठबंधन के साथ स्वतः चला जाएगा, राजनीतिक अपरिपक्वता होगी। मतदाता की अपनी प्राथमिकताएँ, स्थानीय प्रत्याशी, संगठन और चुनावी परिस्थितियाँ भी निर्णायक भूमिका निभाती हैं।
इस पूरे राजनीतिक परिदृश्य में बहुजन समाज पार्टी और मायावती की भूमिका सबसे अधिक चर्चा और जिज्ञासा का विषय बनी हुई है। कभी उत्तर प्रदेश की राजनीति में निर्णायक शक्ति रही बसपा आज अपने राजनीतिक अस्तित्व और पुराने जनाधार को पुनः संगठित करने की चुनौती से जूझ रही है। मायावती सार्वजनिक रूप से सक्रियता दिखा रही हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या यह सक्रियता चुनावी जमीन पर संगठनात्मक मजबूती में बदल रही है? उनके परंपरागत मतदाता भी इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि पार्टी इस बार किस रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी।
हालांकि बसपा को पूरी तरह निष्क्रिय मानना भी उचित नहीं होगा। पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियाँ तेज की हैं। आकाश आनंद को भी चुनावी तैयारियों में जिम्मेदारी दी गई है और छह दिसंबर को लखनऊ में प्रस्तावित कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। इसके बावजूद बसपा के सामने सबसे बड़ा प्रश्न यही है कि क्या वह अपने पुराने सामाजिक आधार को फिर से एकजुट कर पाएगी? मायावती की व्यक्तिगत राजनीतिक पहचान आज भी महत्वपूर्ण है, लेकिन चुनाव जीतने के लिए केवल पहचान पर्याप्त नहीं होती। बूथ स्तर का संगठन, निरंतर जनसंपर्क और स्पष्ट राजनीतिक रणनीति भी आवश्यक हैं।
जहाँ तक भाजपा के मुकाबले की बात है, फिलहाल समाजवादी पार्टी ही प्रदेश में प्रमुख विपक्षी चुनौती के रूप में दिखाई देती है। अखिलेश यादव के पास संगठन, पूर्व शासन का अनुभव और पीडीए की राजनीतिक अवधारणा है। लेकिन ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन तथा बसपा की संभावित वापसी विपक्षी मतों के समीकरण को प्रभावित कर सकती है। कांग्रेस की भूमिका और अन्य क्षेत्रीय दलों की रणनीति भी चुनावी तस्वीर को बदल सकती है। इसलिए अभी से मुकाबले को केवल भाजपा और सपा के बीच सीमित कर देना उचित नहीं होगा।
वास्तव में 2027 का चुनाव उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए कई मायनों में निर्णायक होगा। भाजपा को अपने शासन की उपलब्धियों और नेतृत्व की स्पष्टता के आधार पर जनता के बीच जाना होगा। सपा को अपने वादों के साथ विश्वसनीयता स्थापित करनी होगी। बसपा को अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता सिद्ध करनी होगी, जबकि नए गठबंधन को यह दिखाना होगा कि वह केवल राजनीतिक घोषणाओं तक सीमित नहीं है।
आखिर में उत्तर प्रदेश का मतदाता ही इस सियासी पहेली का उत्तर देगा कि वह किसे सत्ता सौंपेगा। यह जातीय समीकरणों, गठबंधनों और घोषणापत्रों से कहीं आगे जाकर रोजगार, महंगाई, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान और नौजवानों के सवालों पर तय होगा। राजनीतिक दलों के लिए अब सबसे बड़ी परीक्षा यही है कि वे जनता की नब्ज कितनी सही पहचान पाते हैं। 2027 की सियासी बिसात पर चालें भले ही नेताओं के हाथ में हों, लेकिन बाजी का अंतिम फैसला मतदाता के हाथ में ही रहेगा।