विधायक निवास से महज एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित बस स्टेशन मूलभूत सुविधाओं को तरस रहा, यात्रियों ने व्यवस्थाएं सुधारने की उठाई मांग
रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|शाहपुरा उपखंड का एकमात्र सरकारी बस स्टेशन इन दिनों बदहाल व्यवस्थाओं के चलते अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। बस स्टेशन की स्थिति देखकर विकास के दावों और धरातल की हकीकत के बीच का अंतर साफ नजर आता है। हैरानी की बात यह है कि विधायक निवास से महज एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित इस बस स्टेशन पर यात्रियों को आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
बस स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को बैठने, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं तक पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। यात्रियों और आमजन ने बस स्टेशन की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग एवं जनप्रतिनिधियों से तत्काल व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की है।
बैठने की व्यवस्था का अभाव, पेयजल के लिए भी परेशानी
बस स्टेशन पर यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। वहीं स्वच्छ पेयजल की समुचित सुविधा भी उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को बसों का इंतजार करते समय असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।
आवारा मवेशियों का जमावड़ा, गंदगी से फैल रही दुर्गंध
बस स्टेशन परिसर में आवारा मवेशियों के मल-मूत्र से गंदगी फैली हुई है। इसके कारण पूरे परिसर में दुर्गंध का माहौल बना रहता है और यात्रियों के लिए वहां बैठना तक मुश्किल हो जाता है। शौचालयों का निर्माण तो करवा दिया गया है, लेकिन नियमित साफ-सफाई और उचित देखरेख के अभाव में उनका लाभ यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है।
सड़क होने के बावजूद उड़ती है धूल-मिट्टी
बस स्टेशन परिसर में सड़क होने के बावजूद बसों के आवागमन के साथ ही धूल-मिट्टी उड़ने लगती है। ऐसे हालात देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो यहां सड़क नहीं, बल्कि कोई कच्चा रास्ता हो। इससे यात्रियों के साथ-साथ आसपास मौजूद लोगों को भी परेशानी होती है।
विकास के दावे पोस्ट और प्रचार तक सीमित क्यों?
एक तरफ विकास को लेकर सोशल मीडिया और प्रचार-प्रसार में बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ शाहपुरा के एकमात्र सरकारी बस स्टेशन की बदहाल तस्वीर उन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। विधायक निवास से इतनी कम दूरी पर स्थित बस स्टेशन की यह स्थिति जिम्मेदारों की कार्यशैली और व्यवस्थाओं की निगरानी पर भी सवाल उठाती है।
आमजन का कहना है कि
जनप्रतिनिधियों द्वारा किए जाने वाले विकास के दावे केवल पोस्ट और प्रचार तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका असर धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए। शाहपुरा की जनता कोई विशेष सुविधा नहीं मांग रही, बल्कि यात्रियों के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रही है।
जनता की मांग—आश्वासन नहीं, धरातल पर समाधान चाहिए
आमजन ने संबंधित विभाग, प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि बस स्टेशन परिसर में नियमित साफ-सफाई करवाई जाए, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, शौचालयों की नियमित देखरेख हो तथा सड़क की मरम्मत करवाकर धूल-मिट्टी की समस्या से निजात दिलाई जाए।अब सवाल यह है कि आखिर शाहपुरा के एकमात्र सरकारी बस स्टेशन की बदहाल तस्वीर कब बदलेगी? क्या जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि यात्रियों की इन समस्याओं को गंभीरता से लेकर समाधान करवाएंगे या फिर आमजन को इसी तरह अव्यवस्थाओं के बीच सफर करने को मजबूर रहना पड़ेगा?