(किशन वैष्णव)
शाहपुरा@स्मार्ट हलचल|राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा-2023 के परिणाम में संस्कृत विषय से कार्यवाहक प्रधानाचार्य विशाल सारस्वत का पूरे राजस्थान में 22वीं रैंक के साथ चयन होने पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल रहा। इस अवसर पर शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने उनका शॉल एवं शिरोपाव ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।वरिष्ठ शिक्षक मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि विशाल सारस्वत ने इस उपलब्धि के लिए लंबे समय तक लगातार अथक परिश्रम किया। उन्होंने बताया कि पिछली भर्ती में भी सारस्वत ने साक्षात्कार तक का सफर तय किया था, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका। इसके बावजूद उन्होंने निराश होने के बजाय अपने लक्ष्य की ओर निरंतर मेहनत जारी रखी और इस बार पूरे राजस्थान में 22वीं रैंक प्राप्त कर सफलता का नया अध्याय लिखा।सम्मान समारोह में विशाल सारस्वत ने विद्यालय परिवार और अपने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता निरंतर प्रयास, धैर्य और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “मां सरस्वती कभी अपने साधकों का ऋण नहीं रखतीं। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अध्ययन करना चाहिए। कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।विद्यालय परिवार ने उनकी इस उपलब्धि को विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए विश्वास जताया कि उनकी सफलता से अन्य युवा भी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित होंगे।
