दुल्हापुरा स्कूल में शिक्षकों की कमी पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, दो दिन में नियुक्ति नहीं हुई तो जड़ेगा ताला

ज्ञापन पर सीबीईओ ने दिया समाधान का भरोसा

नीरज मीणा

महुवा।स्मार्ट हलचल/ महुवा ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दुल्हापुरा में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में ग्रामीण महुवा स्थित मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) कमलेश कुमार मीणा के कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर विद्यालय में रिक्त पदों पर तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय 12वीं कक्षा तक क्रमोन्नत होने के बावजूद प्रधानाचार्य सहित मात्र 6 शिक्षक कार्यरत हैं। विद्यालय में गणित, विज्ञान, अंग्रेजी सहित 11वीं एवं 12वीं कक्षा के महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। वर्तमान में 7 पद रिक्त होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है और बोर्ड कक्षाओं के छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो सभी विद्यार्थियों की सामूहिक पीसी कटवाकर विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि अब बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं होगा।
ग्रामीणों के ज्ञापन पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार मीणा ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि दो दिन के भीतर विद्यालय में आवश्यक शिक्षकों की व्यवस्था कर दी जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से चल सके।
ज्ञापन देने वालों में दुल्हापुरा निवासी दिनेश अवस्थी, शिवदयाल अवस्थी, प्रहलाद सैनी, छोटू कुमार सैनी, प्रदीप सैनी, महेंद्र सैनी, पीतम बैरवा, मुकेश मीणा, करण सिंह मीणा, काडूराम मीणा, रवी मीणा, हीरालाल मीणा, मंगलराम बैरवा, जवाहर सिंह मीणा, यादराम मीणा, काडू मीणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।