राज्य स्तरीय हिंदी आशु भाषण प्रतियोगिता में श्रेया कुमावत ने हासिल किया द्वितीय स्थान, बढ़ाया शाहपुरा भीलवाड़ा का गौरव

‘जलवायु परिवर्तन एवं हमारा भविष्य’ विषय पर प्रभावशाली भाषण से निर्णायक मंडल को किया प्रभावित

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

शाहपुरा। स्मार्ट हलचल|प्रतिभा, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम के दम पर स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, शाहपुरा की कक्षा 9 की छात्रा श्रेया कुमावत ने राज्य स्तरीय हिंदी आशु भाषण सीनियर वर्ग प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं भीलवाड़ा जिले का गौरव बढ़ाया है।
करौली में शनिवार, 28 नवंबर को स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल में राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद, जयपुर के निर्देशानुसार राज्य स्तरीय हिंदी एवं अंग्रेजी आशु भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें प्रदेश के 11 क्लस्टरों से चयनित प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में श्रेया ने ‘जलवायु परिवर्तन एवं हमारा भविष्य’ विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
विषय की गहरी समझ, विचारों की स्पष्टता, सशक्त अभिव्यक्ति और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति से श्रेया ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, भाषा कौशल, व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व क्षमता को निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेताओं को बधाई दी।
इससे पूर्व आसींद में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में श्रेया कुमावत एवं चार्वी बारहठ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तर के लिए चयनित होकर जिले का प्रतिनिधित्व किया था।
श्रेया शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय हैं। वे बाल पर्यावरण कार्यकर्ता के रूप में पौधारोपण, निःशुल्क पौधा वितरण, प्लास्टिक प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राजेश धाकड़ व कोऑर्डिनेटर ललिता बारहठ एवं समस्त शिक्षकगण तथा विद्यालय स्टाफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए श्रेया को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।