अनूठी चट्टान की खोज कर नाम दिया ‘अंगद रॉक’, माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल का समापन

पांच किलोमीटर की नेचर ट्रैकिंग में दिखे पक्षी व वन्यजीवों के निशान; टाइगर पथ, ओरिया और ट्रेवर्स टैंक में भी हुई बर्ड वाचिंग

माउंट आबू (स्मार्ट हलचल)ग्रीन पीपल सोसायटी (जीपीएस) उदयपुर, वन विभाग राजस्थान, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया और सीआरपीएफ आंतरिक सुरक्षा अकादमी माउंट आबू के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय बर्ड फेस्टिवल का रविवार को समापन हुआ। दूसरे दिन विशेषज्ञों व प्रकृतिप्रेमियों ने विभिन्न नेचर ट्रेल्स पर बर्ड वाचिंग और ट्रैकिंग कर माउंट आबू की जैव विविधता को जाना। इस दौरान सालगांव में मिली पैर के पंजे के आकार की साढ़े चार फीट चौड़ी ग्रेनाइट चट्टान को ‘अंगद रॉक’ नाम दिया गया।

सालगांव में ट्रैकिंग और पक्षियों की साइटिंग

माउंट आबू डीएफओ अनिल गुप्ता के नेतृत्व में दल ने सालगांव में करीब पांच किलोमीटर की ट्रैकिंग की, जिसमें डॉ. सतीश कुमार शर्मा, वीरेंद्र सिंह बेड़सा, डॉ. कमलेश शर्मा, गजेंद्र सिंह और जय शर्मा शामिल रहे। दल ने ग्रीन मुनिया, ओरिएंटल व्हाइट आई, टेलर बर्ड, पर्पल सनबर्ड, ग्रे जंगल फाउल, लॉन्ग टेल्ड श्राइक, रॉबिन, मैगपाई रॉबिन, रेड वेंटेड बुलबुल, वॉर्बलर और रोज रिंग्ड पैराकीट सहित कई पक्षी देखे तथा पैंथर, सांभर, स्लॉथ बियर, पैंगोलिन व खरगोश से जुड़े निशान और टूना सिलिएटा व चित्रक पौधों को देखा।

अन्य ट्रेल्स व समापन समारोह

दूसरे दिन टाइगर पथ, ओरिया और ट्रेवर्स टैंक में भी तीन दलों ने बर्ड वाचिंग की। सीआरपीएफ आंतरिक सुरक्षा अकादमी सभागार में समापन से पूर्व आउल एक्सपर्ट मुकेश भट्ट ने पक्षियों की आवाज रिकॉर्ड करने की तकनीक, मोबाइल ऐप व फॉरेस्ट आउलेट की जानकारी दी। प्रतिभागियों ने अनुभव साझा किए और पेंटिंग व क्विज विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम संचालन डॉ. सतीश कुमार शर्मा ने किया व आभार श्याम दवे ने जताया। इस दौरान देशभर से आए विशेषज्ञों व प्रकृतिप्रेमियों की मौजूदगी रही और जीपीएस उपाध्यक्ष विक्रम सिंह ने जैव विविधता संरक्षण का संदेश दिया।