ब्यावर में ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान: भ्रामक लेबलिंग के कारण 57 हजार स्टिंग एनर्जी ड्रिंक सीज, सैंपल अजमेर लैब भेजे

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” के तहत जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ सघन अभियान जारी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण (जयपुर) व जिला कलेक्टर कमल राम मीणा के विशेष निर्देशन तथा CMHO डॉ. संजय गहलोत के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा दल ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

टीम ने एम.एम. फूड एण्ड बैवरेजेज का औचक निरीक्षण किया, जहां परिसर में गंदगी और नियमों के विपरीत भंडारण पाया गया। इसके साथ ही मौके पर FSSAI नियमों का उल्लंघन कर की गई भ्रामक लेबलिंग के कारण लगभग 57,000 स्टिंग एनर्जी ड्रिंक की बोतलों को बिक्री के लिए प्रतिबंधित (सीज) कर दिया गया।

खाद्य सुरक्षा दल ने मौके से एनर्जी ड्रिंक का सैंपल लेकर जांच के लिए अजमेर लैब भिजवा दिया है, जिसकी रिपोर्ट आने पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फर्म को भविष्य में ऐसी लापरवाही न बरतने के लिए कड़ी चेतावनी दी गई है।