बी एम राठौर
न्यूज
स्मार्ट हलचल।सांगोद 7 जुलाई को राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर पालिका सांगोद द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत आज आयोजित शिविर में आमजन को विभिन्न नागरिक सेवाओं का लाभ प्रदान करते हुए अनेक प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया गया। शिविर में खांचा भूमि योजना के अंतर्गत एक पात्र आवेदक को पट्टा जारी किया गया, वहीं स्टेट ग्रांट योजना के अंतर्गत भी एक पात्र लाभार्थी को पट्टा प्रदान कर स्वामित्व का अधिकार उपलब्ध कराया गया।
शिविर में भूमि संबंधी प्रकरणों के साथ-साथ अन्य नागरिक सेवाओं का भी मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान दो विवाह प्रमाण-पत्र जारी किए गए, पेंशन सत्यापन एवं पालनहार योजना के लाभार्थियों का सत्यापन भी किया गया। नगर पालिका द्वारा नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया गया।
इस अवसर पर नगर मंडल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी एवं जनप्रतिनिधि रामावतार वर्मा हरिओम जांगिड़ उपस्थित रहे। उन्होंने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को त्वरित राहत मिल रही है।
शिविर में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार मालव, शिविर प्रभारी हर्ष यादव, सहप्रभारी देवकीनंदन गौड़ सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिविर में प्राप्त प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए आमजन की समस्याओं का समाधान किया तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की।
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहरी सेवा शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ उठाएं।
