दो दिवसीय आयुर्वेद अग्निकर्म-विद्धकर्म चिकित्सा शिविर का शुभारंभ

बिजौलिया। स्मार्ट हलचल|आयुर्वेद विभाग बिजौलिया एवं विश्व आयुर्वेद परिषद, चित्तौड़ प्रांत (जिला भीलवाड़ा) के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय आयुर्वेद अग्निकर्म एवं विद्धकर्म चिकित्सा शिविर का आयोजन 28 एवं 29 अप्रैल को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिजौलिया में किया जा रहा है।
शिविर का शुभारंभ प्राचार्य श्री दिलीप सिंह द्वारा भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर विधिवत किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी ने आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
ब्लॉक प्रभारी डॉ. संजय नागर ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा नागर एवं डॉ. रिजवाना ख़ान द्वारा विशेष सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, वहीं विद्धकर्म विशेषज्ञ डॉ. अजय यादव एवं अग्निकर्म विशेषज्ञ डॉ संजय नागर द्वारा भी मरीजों का उपचार किया जा रहा है।
इसके साथ ही शिविर में हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, टाइफाइड एवं ब्लड प्रेशर (बीपी) की जाँच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे मरीजों को समग्र स्वास्थ्य लाभ मिल सके।
शिविर के सफल संचालन में कंपाउंडर रतनलाल, बंशीलाल, सीमा जाट, संजू गुर्जर एवं परिचारक सूर्यभान का सराहनीय सहयोग रहा।
शिविर के प्रथम दिन कुल 71 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयाँ एवं परामर्श प्रदान किया गया। ऐसे दो दिवसीय विशेष शिविर प्रत्येक माह में आयोजित किए जाएँगे
आयोजकों द्वारा क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाएं और आयुर्वेद के माध्यम से स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।