छीपाबड़ौद रोड पर सीसी निर्माण बना परेशानी का सबब: धूल, अव्यवस्था और हादसों का खतरा—रहवासियों में आक्रोश
संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी।स्मार्ट हलचल|कस्बे के व्यस्त छीपाबड़ौद मार्ग पर हाल ही में हुए सीसी सड़क निर्माण कार्य ने अब आमजन के लिए राहत की बजाय परेशानी खड़ी कर दी है। निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही, सड़क पर छोड़ी गई बारीक गिट्टी और मिट्टी, तथा अधूरी सफाई व्यवस्था के चलते पूरे क्षेत्र में धूल का गुबार बना हुआ है। इससे दुकानदारों, रहवासियों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार पीडब्लूडी विभाग के संवेदक द्वारा सड़क की दोनों साइडों पर सीसी निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन कार्य में उपयोग ली गई गिट्टी और मिट्टी को मुख्य सड़क पर ही छोड़ दिया गया। दिनभर वाहनों की आवाजाही से यही सामग्री धूल बनकर उड़ रही है, जो दुकानों और मकानों के अंदर तक पहुंच रही है। व्यापारियों का कहना है कि इससे सामान खराब हो रहा है और ग्राहकी पर भी सीधा असर पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी लोकेश गौतम ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य के बाद सफाई के नाम पर केवल लीपापोती की गई। सीसी पर डाले गए मिट्टी के ढेरों को हटाने के बजाय मशीन से इधर-उधर फैला दिया गया, जिससे समस्या और बढ़ गई। उन्होंने बताया कि पुलिस थाने से लेकर विवेकानंद सर्किल तक यही स्थिति बनी हुई है, जहां दिन-रात धूल उड़ती रहती है।
गुफा शिव मंदिर क्षेत्र में रास्ता बंद करने के दौरान डाली गई मिट्टी को नालियों में भर दिया गया, जो आज तक नहीं हटाई गई है। इससे नालियां जाम पड़ी हैं और गंदगी फैलने का खतरा बना हुआ है। वहीं कई स्थानों पर सीसी सड़क के किनारों पर मिट्टी नहीं भरने से सड़क के पास गहरी खाई जैसी स्थिति बन गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
रहवासियों का कहना है कि इस संबंध में ठेकेदार को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। लोगों ने प्रशासन पर भी अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
वहीं, पीडब्ल्यूडी विभाग के कनिष्ठ अभियंता महावीर गोचर ने बताया कि सीसी रोड निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर जमा मिट्टी और गिट्टी को जल्द ही हटवा दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सफाई कार्य शीघ्र कराकर आमजन को हो रही परेशानी से राहत दिलाई जाएगी।
कस्बेवासियों ने मांग की है कि छीपाबड़ौद मार्ग की दोनों साइडों पर फैली निर्माण सामग्री को तुरंत हटाया जाए, नालियों की सफाई करवाई जाए और सड़क किनारों को समतल किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से पहले हालात सुधारे जा सकें। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
