– जुलूस, माल्यार्पण और जनसुनवाई के साथ कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/नगरफोर्ट। स्मार्ट हलचल|देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र के नगरफोर्ट कस्बे में मंगलवार, 14 अप्रैल को भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद हरीश चन्द्र मीणा ने शिरकत की। इस अवसर पर सांसद ने मांडकला बैरवा समाज के मंदिर परिसर में पहुंचकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। इसके बाद मुख्य बाजार से निकाले गए भव्य जुलूस में भी भाग लिया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। अपने संबोधन में सांसद हरीश चन्द्र मीणा ने कहा कि बाबासाहेब का जीवन सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनके द्वारा निर्मित भारतीय संविधान ने देश के हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब का संघर्ष हमें समाज में व्याप्त भेदभाव, असमानता और कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में बाबासाहेब के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए शिक्षा, समानता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना चाहिए तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए, ताकि हम एक सशक्त, समतामूलक और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकें।
कार्यक्रम से पूर्व सांसद के क्षेत्र में आगमन पर कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के पश्चात सांसद ने जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पूर्व प्रधान गणेश चौधरी, उप प्रधान एवं ब्लॉक अध्यक्ष महादेव मीना, उनियारा प्रधान प्रतिनिधि गुलाब चन्द मीना, ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश धाकड़, उप प्रधान जगदीश बैरवा, पूर्व प्रधान जगदीश चौधरी, जिला परिषद सदस्य हंसराज गुंजल, सीआर बाबूलाल मीणा, सीआर फोरूलाल मीणा, एडवोकेट तौफिक अहमद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
