बिना रवन्ना परिवहन करते चालक गिरफ्तार, डम्पर मालिक व बजरी भरने वाले वाहन की तलाश जारी
शाहपुरा मूलचन्द पेसवानी
अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ भीलवाड़ा जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फुलियाकलां थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35 टन अवैध बजरी से भरे एक डम्पर को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बिना रवन्ना (टीपी) के बजरी परिवहन करने के मामले में प्रकरण दर्ज कर डम्पर मालिक तथा बजरी भरने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध खनन एवं अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा अंजुम कायम के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी शाहपुरा ओमप्रकाश विश्नोई के सुपरविजन में थाना प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
पुलिस के अनुसार बुधवार को उपनिरीक्षक कैलाशचंद्र पुलिस जाप्ते के साथ थाना क्षेत्र में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए गश्त पर थे। गश्त के दौरान कस्बा फुलियाकलां, कैलाशपुरी, रतनपुरा और रातादेही चैराहे होते हुए पुलिस टीम बासेड़ा के निकट पुलिया पर पहुंची। इसी दौरान पीछे से एक बिना नंबर का टाटा डम्पर आता दिखाई दिया, जिसे संदेह के आधार पर रुकवाकर जांच की गई।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम हनुमान पुत्र रतनलाल गुर्जर (26) निवासी भीमडावास, थाना केकड़ी सदर, जिला अजमेर बताया। पुलिस ने डम्पर की तलाशी ली तो उसमें लगभग 35 टन बजरी भरी हुई मिली। जब चालक से बजरी परिवहन का वैध रवन्ना (ट्रांजिट पास) अथवा टीपी मांगी गई तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जब्त डम्पर टाटा कंपनी का है, जिस पर पंजीयन संख्या अंकित नहीं थी। पुलिस ने डम्पर के चेसिस नंबर के आधार पर उसकी पहचान की। चालक ने पूछताछ में डम्पर के मालिक का नाम भंवरलाल पुत्र जगदीश चाड़ा, निवासी सांगरी, थाना फुलियाकलां, जिला भीलवाड़ा बताया।
पुलिस का मानना है कि डम्पर मालिक एवं चालक ने सुनियोजित तरीके से बिना वैध अनुमति के बजरी का परिवहन कर राज्य सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। मामले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन से संबंधित प्रावधानों के तहत खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 4ध्21 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 303(2) एवं 112(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी चालक हनुमान गुर्जर को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरार डम्पर मालिक भंवरलाल चाड़ा तथा डम्पर में अवैध बजरी भरने वाले वाहन एवं उससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति इस अवैध परिवहन में संलिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इनकी रही कार्रवाई में अहम भूमिका–पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कैलाशचंद्र, कांस्टेबल विक्रम, कांस्टेबल भवानी प्रताप सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
