ग्रामीणों ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित.
फुलिया कलां@(किशन वैष्णव )थाना क्षेत्र के शिवपुरा (हुक्मपुरा) का खेड़ा गांव में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी 14 वर्षीय किशोर राजू पुत्र महावीर भील की फार्म पॉण्ड में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजू पुत्र महावीर भील गुरुवार सुबह करीब 10 बजे गांव के ही विकास पुत्र बाबूलाल भील के साथ बकरियां चराने खेत पर गया था। दोनों खेतों में बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे विकास ने परिजनों को सूचना दी कि पैर फिसलने से राजू खेत में बने फार्म पॉण्ड के पानी में गिर गया और डूब गया।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और परिजनों ने मशक्कत कर राजू को फार्म पॉण्ड से बाहर निकाला और तत्काल फुलिया कलां अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सणगारी सरपंच भागचंद चाड़ा भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
घटना की सूचना पर फुलिया कलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। घटना की रिपोर्ट मृतक किशोर के अंकल रामकिशन ने पुलिस को दी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों ने खेतों में बने गहरे फार्म पॉण्ड के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
