बनेड़ा क्षेत्र के खातन खेड़ी गांव में स्कूली छात्रों का विरोध, स्कूल पर की तालाबंदी

बनेड़ा। क्षेत्र के खातन खेड़ी गांव में स्थित सरकारी विद्यालय में अध्यापकों की कमी से नाराज़ छात्रों ने सोमवार को स्कूल के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों का कहना है कि विद्यालय में कक्षा 12वीं तक पढ़ाई होती है, लेकिन पर्याप्त अध्यापक नहीं होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
छात्रों ने बताया कि कई विषयों के शिक्षक लंबे समय से उपलब्ध नहीं हैं, जिससे नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं। इससे बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों में चिंता बढ़ गई है।
मामले की सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों से समझाइश कर स्थिति को शांत किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि जल्द ही शिक्षकों की व्यवस्था करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि पढ़ाई सुचारु रूप से चल सके।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी विभाग से जल्द समाधान की मांग की है, जिससे बच्चों का भविष्य प्रभावित न हो।