चिकित्सा प्रभारी डॉ. कुंदन सांवरिया की कार्यशैली पर उठे सवाल-ड्यूटी व्यवस्था और चिकित्सा सेवाओं की जानकारी नहीं मिलने से नाराजगी
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/बनेठा।स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखंड क्षेत्र के बनेठा उपतहसील मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चिकित्सकों की कमी और ड्यूटी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।ग्रामीणों के अनुसार, अस्पताल में चार चिकित्सकों के पद रिक्त हैं। इसके अलावा एक कंपाउंडर और एक एलएचवी का पद भी खाली बताया जा रहा है। ऐसे में मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने को लेकर चिंता बनी हुई है।
*चिकित्सा प्रभारी से जानकारी नहीं मिलने पर नाराजगी*
अस्पताल की व्यवस्थाओं और रिक्त पदों की जानकारी लेने के लिए चिकित्सा प्रभारी डॉ. कुंदन सांवरिया से संपर्क किया गया। आरोप है कि पांच बार आवाज देने के बाद वे क्वार्टर से बाहर आए। इसके बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं और रिक्त पदों के संबंध में भी स्पष्ट एवं संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी। इससे अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी सामने आई है। मामले को लेकर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष लोधी से मोबाइल फोन पर बातचीत की गई। उन्हें बनेठा सीएचसी की व्यवस्थाओं और चिकित्सा प्रभारी से अपेक्षित जानकारी नहीं मिलने के संबंध में अवगत कराया गया। इस पर डॉ. मनीष लोधी ने मामले में बातचीत करने की बात कही।
*रिक्त पद भरने और ड्यूटी व्यवस्था सुधारने की मांग*
ग्रामीणों ने चिकित्सा विभाग से सीएचसी में रिक्त पदों को भरने, कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और ड्यूटी रोस्टर की प्रभावी निगरानी करने की मांग की है। साथ ही अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, प्रसव संबंधी आंकड़ों तथा एंबुलेंस सेवाओं की जानकारी सार्वजनिक करने की भी मांग उठाई है। अब सवाल यह है कि चिकित्सकों की कमी और ड्यूटी व्यवस्था को लेकर सामने आ रही शिकायतों का समाधान कब होगा? ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा विभाग की ओर से जांच, आवश्यक सुधार और कार्रवाई का इंतजार है।