श्री शांतिवीर धर्म स्थल में सुंदर युवा मंच का गठन, 60 से अधिक युवाओं ने ली शपथ,

आर्यिका संस्कृति श्री माताजी के सानिध्य में हुआ आयोजन, संतों की सेवा और धर्म कार्यों में सहभागिता का लिया संकल्प

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/बूंदी/नैनवां। स्मार्ट हलचल|नैनवां स्थित श्री शांतिवीर धर्म स्थल में वर्षायोग कर रहीं आर्यिका संस्कृति श्री माताजी के सानिध्य में सुंदर युवा मंच का गठन किया गया। इस दौरान 60 से अधिक युवाओं ने मंच के उद्देश्यों की पालना करने तथा साधु-संतों की सेवा और धार्मिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ ली। मंच में बालिकाओं, महिलाओं और युवा पुरुषों को शामिल किया गया है।
आर्यिका संस्कृति श्री माताजी ने कहा कि युवा धर्म के रक्षक हैं। भगवान महावीर के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए साधु-संत नगर-नगर भ्रमण करते हैं। ऐसे में सभी का कर्तव्य है कि नगर में साधु-संतों के आगमन पर उनकी सेवा-भक्ति में बढ़-चढ़कर भाग लें, जिससे धर्म की प्रभावना में वृद्धि हो सके।
*संतों की सेवा के लिए गठित हुआ मंच*
युवा मंच के रिंकू जैन ने बताया कि आर्यिका संस्कृति श्री माताजी के गुरु आचार्य सुंदर सागर जी महाराज निवाई में वर्षायोग कर रहे हैं। उनकी शिष्या आर्यिका संस्कृति श्री माताजी ने नैनवां में युवाओं को धर्म कार्यों से जोड़ने और सेवा भाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंच का गठन किया है। मंच के सदस्य कस्बे में आने वाले साधु-संतों की आहार, विहार एवं निहार संबंधी चर्या में सहयोग करेंगे। इस अवसर पर सभी युवाओं ने संतवाद और पंथवाद से दूर रहकर प्रत्येक साधु-संत की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
*युवाओं में धर्म, संस्कार और अनुशासन को मिलेगा बढ़ावा*
समाज के युवा शिक्षक जिनेंद्र जैन ने मंच के गठन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मंच के माध्यम से साधु-संतों की चर्या उत्साहपूर्वक संपन्न हो सकेगी। साथ ही युवाओं में धर्म, संस्कार, अनुशासन और समर्पण की भावना विकसित होगी तथा वे धार्मिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में चातुर्मास समिति के उपाध्यक्ष आशीष मोडीका, जयंती सोगानी, मोनू बरमुंडा, पंकज हरसौरा, अभिषेक ठग, राहुल कटारिया, सतीश सेठीया, जंबू सेठीया, विजय मित्तल, अक्षत जैन, अमित बरमुडा, अंजू जैन, वर्षा सोगानी, स्नेहा जैन, आस्था जैन, प्राक्षी जैन, अक्षिता हरसौरा, श्रुति हरसौरा सहित अनेक युवा, महिलाएं एवं समाजजन उपस्थित रहे।