पदभार संभालते ही एक्शन मोड में आईं बागुदार सरपंच निरमा देवी नायक: गांव की गलियों में शुरू करवाया सघन सफाई अभियान, विकास को बताया प्राथमिकता
रूप चौदस के शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना कर संभाली पंचायत की कमान; पेयजल समस्या के समाधान, सड़क मरम्मत व शिक्षा में सुधार का लिया संकल्प, ग्रामीणों ने किया स्वागत
रोपा/बागुदार (स्मार्ट हलचल)
बागुदार ग्राम पंचायत में नई पंचायत सरकार के गठन के साथ ही क्षेत्र के विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। नवनिर्वाचित सरपंच निरमा देवी नायक ने रूप चौदस के पावन अवसर पर पंचायत भवन में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी ताराचंद सोयल की मौजूदगी में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने सरपंच का भव्य स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
पदभार ग्रहण करते ही शुरू करवाया सफाई अभियान
पदभार संभालने के तुरंत बाद सरपंच निरमा देवी ने धरातल पर काम शुरू करते हुए गांव के विभिन्न वार्डों और मुख्य रास्तों पर सफाई अभियान प्रारंभ करवाया। गलियों और सार्वजनिक स्थलों से गंदगी व कचरे के ढेर हटवाकर उन्होंने स्पष्ट किया कि गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाना उनकी प्राथमिक कार्ययोजना में शामिल है। पद संभालते ही काम शुरू होने से ग्रामीणों में भी नई ऊर्जा और उत्साह देखा गया।

पेयजल, सड़कें और सरकारी स्कूलों में सुधार का संकल्प
सरपंच निरमा देवी नायक ने कहा कि पंचायत का विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि जनसहयोग से ही संभव है। उन्होंने आश्वस्त किया कि गांव में पेयजल संकट के समाधान, क्षतिग्रस्त रास्तों की मरम्मत और प्रत्येक वर्ग की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने स्थानीय सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने और छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए विशेष प्रयास करने की बात कही।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
समारोह में उपसरपंच रामराज गाडरी, जनसेवक रंगलाल नायक, वार्ड पंच राजेश देवी शर्मा, रेखा देवी रेगर, राजेंद्र कुमार कीर, मांगीलाल मेघवंशी, सीता देवी एवं अनिल धाकड़ सहित कई वार्ड पंच, प्रबुद्ध नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।