ध्वजारोहण से लेकर भजनोत्सव और दीपदान तक होंगे आयोजन, शिखरानी अग्रवाल भजनों से बांधेंगी समां
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|सूरजपोल गेट बाहर स्थित बांकेबिहारी मंदिर में गुरुवार को रमा एकादशी महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में धार्मिक आयोजनों की विशेष छटा देखने को मिलेगी। ठाकुरजी का दरबार दीपमालिका से सजाया जाएगा, वहीं भजन और दीपदान से पूरा वातावरण भक्तिमय बनेगा।हीरालाल जगन्नाथ डाणी ट्रस्ट के अध्यक्ष माणक डाणी ने बताया कि सुबह 7 बजे मांगलिक प्रतीकों से युक्त नगर प्रतिपालक ध्वजा का वैदिक विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके बाद भंवरलाल रमेशकुमार परिहार परिवार के मनोरथ से मंदिर शिखर पर ध्वजारोहण होगा।
दोपहर 3 बजे से रमेशकुमार प्रदीपकुमार बंसल के सौजन्य से भजनोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें भजन गायिका शिखरानी अग्रवाल भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर करेंगी।
ट्रस्ट के मंत्री राजेन्द्र गर्ग ने बताया कि एकादशी पर पंडित जितेंद्र दाधीच द्वारा ठाकुरजी के गर्भगृह में आकर्षक दीपमालिका सजाई जाएगी। वहीं कार्तिक दामोदर मास की पावन एकादशी पर संध्या बेला में श्रद्धालु महिलाएं ठाकुरजी के समक्ष दीपदान करेंगी।