बानोड़ा बालाजी धाम में 108 कुण्डीय महायज्ञ 27 से, 2 जून को होगा विराट पाणिग्रहण संस्कार और महाप्रसादी
लाडपुरा, स्मार्ट हलचल (रिपोर्ट: शिव जांगिड़)। क्षेत्र के प्रसिद्ध आस्था केंद्र बानोड़ा बालाजी धाम में ‘श्री राम कृष्ण कल्कि शक्ति महायज्ञ’ के तहत 108 कुण्डीय सप्त दिवसीय महायज्ञ एवं पाटोत्सव का भव्य आयोजन 27 मई से 2 जून 2026 तक किया जाएगा। श्री बानोड़ा बालाजी महाराज के सान्निध्य में होने वाले इस विशाल धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्रभर में व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। आयोजन समिति द्वारा ‘श्री राम दिव्य रथ’ के माध्यम से गांव-गांव दशांश हवन का धार्मिक संदेश पहुंचाया जा रहा है।
26 मई को 27 गांवों से आएगी विशाल कलश यात्रा और बेवाण
आयोजन से पूर्व 26 मई को 27 गांवों से ‘श्री नारायण रथ’ (बेवाण) एवं एक विशाल कलश यात्रा का आगमन होगा। इस भव्य यात्रा में हाथी, घोड़े, रथ और भजन मंडलियां शामिल रहेंगी, जो पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना देंगी। इससे पहले 25 मई को गणपति स्थापना के साथ ही धार्मिक कार्यक्रमों का श्रीगणेश हो जाएगा। महायज्ञ के दौरान श्री मूल नक्षत्र श्री निरृति देव यज्ञ एवं श्री पूर्वाभाद्र नक्षत्र श्री जल देव यज्ञ भी विधिवत रूप से संपन्न किए जाएंगे। प्रतिदिन भजन संध्या, मंगल गीत और देवी-देवताओं की आकर्षक इलेक्ट्रॉनिक झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
महायज्ञ का कार्यक्रम और प्रमुख आयोजन
आयोजन समिति के अनुसार महायज्ञ का शुभारंभ ज्येष्ठ शुक्ल एकादशी, बुधवार (27 मई 2026) से होगा। इस सात दिवसीय महायज्ञ में श्रद्धालु यजमान बनकर आहुतियां देंगे और लक्ष्मी, आरोग्य, सुख-समृद्धि एवं पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।
महायज्ञ का समापन अधिक ज्येष्ठ कृष्ण द्वितीया, मंगलवार (2 जून 2026) को होगा। इसी दिन दोपहर 2:15 बजे श्री चारभुजानाथजी एवं श्री यज्ञ लक्ष्मीजी का विराट पाणिग्रहण संस्कार आयोजित किया जाएगा। पूर्णाहुति के पश्चात विशाल महाप्रसादी का आयोजन होगा, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
