माण्डलगढ़: शादी के तीन दिन बाद जेवर और 3 लाख की नकदी लेकर फरार हुई ‘लुटेरी दुल्हन’, कोर्ट के आदेश पर 7 पर FIR
माण्डलगढ़, स्मार्ट हलचल। माण्डलगढ़ क्षेत्र में ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीगोद थाना क्षेत्र के जोजवा गांव के एक युवक ने आरोप लगाया है कि शादी के महज तीन दिन बाद ही उसकी नवविवाहिता दुल्हन घर से सोने-चांदी के जेवर और करीब 3 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गई। पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज नहीं करने पर पीड़ित पति को आखिरकार न्याय के लिए कोर्ट का सहारा लेना पड़ा।
दलाल को एक लाख देकर तय हुआ था रिश्ता, मौका मिलते ही किया हाथ साफ
पीड़ित अम्बानी जाट (निवासी जोजवा) ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि यह पूरी वारदात एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। माण्डलगढ़ थाना क्षेत्र के गणेशपुरा निवासी कालूलाल धाकड़ ने एक लाख रुपये दलाली लेकर मानपुरा निवासी खुशी जाट के साथ उसका रिश्ता तय कराया था। 27 फरवरी 2025 को शादी सम्पन्न हुई। शादी के दौरान पीड़ित परिवार की ओर से करीब 3 तोला सोने के जेवर, लगभग 1 किलो चांदी के जेवर, 3 लाख रुपये नकद और ससुराल पक्ष के प्रतिभोज के लिए 1 लाख 60 हजार रुपये की खाद्य सामग्री दी गई थी। शादी के बाद दुल्हन तीन दिन तक ससुराल में रही और मौका मिलते ही घर में रखे जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। संपर्क करने पर दुल्हन और दलाल सहित सभी के फोन बंद मिले।
तलाक की मिली धमकी, कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित ने बताया कि जब वह दुल्हन को ढूंढने मानपुरा गया, तो पता चला कि वह किसी अन्य युवक के साथ चली गई है। 19 जनवरी 2026 को त्रिवेणी चौराहे पर कुछ लोगों ने उसे रोककर खुशी जाट को तलाक देने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस में शिकायत करने पर ससुराल पक्ष ने भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़ित ने 7 अप्रैल 2026 को भीलवाड़ा एसपी और बीगोद थाने में शिकायत दी, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर उसने माण्डलगढ़ न्यायालय में परिवाद पेश किया। बीगोद थाना प्रभारी जय सुल्तान ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर 5 मई को मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मानपुरा निवासी खुशी जाट, उसकी माता हीरा देवी जाट, मुकेश जाट, मोनु जाट और धर्मराज सहित 7 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में जांच शुरू कर दी है।
