बीएपी के गलियाकोट ब्लॉक प्रभारी समेत 39 कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

मदन राठौड़ ने पार्टी का दुपट्टा पहनाकर किया स्वागत, बोले—राष्ट्र प्रथम और जनसेवा की भावना से करें काम

अजय सिंह (चिंटू)

जयपुर-स्मार्ट हलचल|भारतीय आदिवासी पार्टी (बीएपी) के गलियाकोट ब्लॉक प्रभारी एवं सागवाड़ा विधानसभा क्षेत्र, डूंगरपुर निवासी सुखलाल मकवाना सहित 39 कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा की जनहितकारी नीतियों, सुशासन और जनसेवा के संकल्प से प्रभावित होकर इन कार्यकर्ताओं के भाजपा से जुड़ने को संगठन विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने डूंगरपुर जिला महामंत्री पंकज जैन एवं एसटी मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बलवीर आहरी की मौजूदगी में सभी नवागत कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस दौरान राठौड़ ने पार्टी का दुपट्टा पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव के साथ जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों और भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं।
राठौड़ ने नवागत कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने के साथ ही जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने और राष्ट्र प्रथम एवं जनसेवा की भावना से सक्रिय होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नए कार्यकर्ताओं के जुड़ने से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी।