बरूंदनी: लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में आक्रोश, खेत से मोटर और बिजली ग्रिड से सामान चोरी

(रमेश चंद्र डाड)

आकोला। स्मार्ट हलचल।बरूंदनी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने किसानों और ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। आए दिन हो रही इन वारदातों से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। हाल ही में अज्ञात चोरों ने पारसोली रोड स्थित बिजली ग्रिड के सामने एक खेत को अपना निशाना बनाते हुए पानी की मोटर और बिजली की केबल पार कर दी। इससे पहले भी चोर बिजली ग्रिड से कई महत्वपूर्ण उपकरण चुरा चुके हैं।

खेत में जली हुई मिली केबल, मोटर गायब

जानकारी के अनुसार, बरूंदनी निवासी सत्यनारायण खटीक और बिजली विभाग में कार्यरत भंवरलाल मीणा ने बिगोद थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि 21 मई की रात पारसोली रोड स्थित ग्रिड के सामने वाले खेत से अज्ञात चोर करीब 5 एचपी की मोटर और लगभग 150 फीट लंबी बिजली की केबल चुरा ले गए। अगली सुबह जब किसान खेत पर पहुंचे, तो वहां मोटर गायब थी और केबल जली हुई अवस्था में पड़ी मिली।

बिजली ग्रिड भी चोरों के निशाने पर

ग्रामीणों ने बताया कि बरूंदनी स्थित बिजली ग्रिड पर पहले भी चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। चोर ग्रिड से बोल्ट और जीओ (GO) की पट्टियां तक चुरा चुके हैं, जिससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बार-बार बाधित होती है। बिजली विभाग के लाइनमैन महेंद्र साहू का कहना है कि इन चोरियों के कारण विभाग को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। भंवरलाल मीणा ने चिंता जताते हुए कहा कि अब खेतों में लगे कृषि उपकरण भी सुरक्षित नहीं हैं।

रात्रि गश्त बढ़ाने और कार्रवाई की मांग

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।