अनिल कुमार
ब्यावर । स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक रतनसिंह (IPS) के निर्देशन में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, बर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए डकैती के प्रकरण में 10 महीने से फरार चल रहे दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी नरपतसिंह और सुरेशसिंह न केवल ₹2000 के इनामी अपराधी हैं, बल्कि थाना बर की ‘टॉप-10’ सूची में भी शामिल थे।
क्या थी घटना?
28 जून 2025 की रात को ग्राम कानुजा में दुर्गाराम देवासी के घर में बदमाशों ने घुसकर दहशत फैलाई थी। लुटेरों ने परिवादिया मांगीदेवी को डरा-धमकाकर उनके गले से सोने की कंठी, रखड़ी और मादलिया लूट लिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन आरोपी फरार हो गए थे।
चेन्नई तक पहुंचा पुलिस का जाल
थानाधिकारी पन्नालाल (SI) के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पांच महीने की मशक्कत के बाद पहले आरोपी जगदीशसिंह और चेतनसिंह को पकड़ा। इसके बाद सिलसिलेवार तरीके से बलवीरसिंह और विजेंद्रसिंह की गिरफ्तारी हुई। हाल ही में टीम ने सटीक मुखबिरी और डेटा विश्लेषण के आधार पर चेन्नई और ब्यावर में दबिश देकर मुख्य आरोपी नरपतसिंह और सुरेशसिंह को गिरफ्तार कर लिया।
अपराध का काला इतिहास
गिरफ्तार आरोपी नरपतसिंह शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही थाना रायपुर में मारपीट और गैंगरेप (POCSO Act) जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है, जिसमें अन्य वारदातों के खुलने की भी संभावना है।
