सहाड़ा। स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के गुंदली गांव स्थित भगवान देवनारायण एवं चामुण्डा माता मंदिर में नवकुण्डीय विष्णु महायज्ञ और कलश स्थापना के साथ 9 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन की शुरुआत आकर्षक कलश यात्रा के साथ की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
समाजसेवी रतन लाल चौहान ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन राम दरबार मंदिर घोड़ास के मंहत मंगलदास महाराज के सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है। सुबह मंदिर प्रांगण में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा निकाली गई, जो गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची।
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मंदिर पहुंचने पर महाआरती का आयोजन किया गया तथा प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर सवाईभोज मंदिर के मंहत सुरेशदास महाराज, मंहत मंगलदास महाराज, पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर, सरपंच शंभूलाल गुर्जर, पुजारी नानुराम गुर्जर, गोपीलाल गुर्जर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे। धार्मिक आयोजन को लेकर गांव में उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
