बॉक्सिंग में ब्यावर की बेटियों का जलवा, तीन स्वर्ण सहित चार पदक जीते

आदर्श विद्या मंदिर की चार छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर दिखाया दमखम, तीन का एसजीएफआई के लिए चयन

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।विद्या भारती द्वारा संचालित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में बॉक्सिंग के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं ब्यावर का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की चार छात्राओं ने विद्या भारती राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए तीन स्वर्ण एवं एक रजत पदक हासिल किया।17 वर्ष वर्ग में राजवी राठौड़ ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं 19 वर्ष वर्ग में गितिका रावत एवं अक्षिता पवनानी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। नविता मालाकार ने रजत पदक हासिल किया। इस प्रकार विद्यालय की छात्राओं ने कुल चार पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं 19 वर्ष वर्ग में प्रशांत ने भी प्रतियोगिता में सहभागिता कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

तीन छात्राओं का एसजीएफआई के लिए चयन

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की तीन छात्राओं का आगामी School Games Federation of India (SGFI) प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। ये खिलाड़ी रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाली आगामी प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाएंगी। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार एवं शहर में हर्ष का माहौल है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य नवीन कुमार सैनी, बालिका प्रधानाचार्य सीमा सोलंकी, शारीरिक शिक्षक, आचार्य-दीदी एवं समस्त विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय समिति के जिला मंत्री मनोज कुमार टेलर, अध्यक्ष रमेश चंद्र भराड़िया, उपाध्यक्ष गोविंद राम सेन, उपाध्यक्षा आभा माहेश्वरी, सचिव हेमेंद्र दगदी, कोषाध्यक्ष चंद्र प्रकाश टेलर सहित समिति सदस्यों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों ने भी खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।