सेवा सेतु शिविर में 270 नागरिकों को मिली विभिन्न सेवाएं

स्मार्ट हलचल।

पट्टे, भवन निर्माण स्वीकृति, नामांतरण व प्रमाण-पत्र सहित कई कार्यों का मौके पर निस्तारण

अनिल कुमार खींची

ब्यावर । स्मार्ट हलचल।सेवा सेतु अभियान-2026 के तहत नगर परिषद सभागार में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 130 महिलाओं एवं 140 पुरुषों सहित कुल 270 नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी देने के साथ कई प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया।शिविर में धारा 69-ए के तहत दो पट्टे वितरित किए गए तथा तीन भवन निर्माण स्वीकृतियां जारी की गईं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 25-25 हजार रुपए के दो चेक लाभार्थियों को दिए गए। इसके अलावा तीन नामांतरण किए गए और 46 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र वितरित किए गए। बाल विकास विभाग एवं अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी देकर 55 नागरिकों को लाभान्वित किया गया।

शिविर में विधायक शंकर सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड, नगर परिषद सभापति पुष्पा बल्दुआ, आयुक्त कीर्ति कुमावत, राजस्व अधिकारी मोहिंद्र राय फुलवारी, उपसभापति दीक्षांत हरचंदानी, पार्षद नरेश कनोजिया, जयकिशन बल्दुआ, सेवा सेतु अभियान संयोजक बद्री सामरिया, पैरोकार मनोज शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

सभापति पुष्पा बल्दुआ ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सरलता और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने आमजन एवं जनप्रतिनिधियों से अभियान का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।

आयुक्त कीर्ति कुमावत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिविर में आने वाले नागरिकों को योजनाओं की समुचित जानकारी देने तथा पात्र प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने आमजन को आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी।