रूस में गूंजेगी ब्यावर की बेटी की आवाज, ऐश्वर्या यादव करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

अंतरराष्ट्रीय युवा महोत्सव में हुआ चयन, 11 से 17 सितंबर तक येकातेरिनबर्ग में होगा आयोजन

अनिल कुमार खींची

ब्यावर ।स्मार्ट हलचल|ब्यावर की बेटी ऐश्वर्या यादव का रूस के येकातेरिनबर्ग में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय युवा महोत्सव के लिए चयन हुआ है। ऐश्वर्या वनस्थली विद्यापीठ, निवाई (टोंक) में स्नातक की छात्रा हैं। वे 11 से 17 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
महोत्सव के दौरान शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर समूह चर्चा, वाद-विवाद, नेतृत्व कौशल विकास तथा युवाओं के विचारों और नई सोच को लेकर विभिन्न सत्र आयोजित होंगे। इनमें ऐश्वर्या भारत की ओर से सहभागिता करेंगी।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने पर ऐश्वर्या आज रूस के येकातेरिनबर्ग के लिए रवाना होंगी। उनके चयन से परिजनों और शहरवासियों में खुशी का माहौल है। ऐश्वर्या की इस उपलब्धि को ब्यावर के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।