माहेश्वरी पंचायत बोर्ड ने नवनिर्वाचित सभापति का किया अभिनंदन, शहरहित में हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल |नगर परिषद ब्यावर की नवनिर्वाचित सभापति श्रीमती पुष्पा जयकिशन बल्दुआ का श्री माहेश्वरी पंचायत बोर्ड की ओर से माहेश्वरी भवन, पाली बाजार में स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समाजबंधुओं ने सभापति को साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।पंचायत बोर्ड अध्यक्ष दिलीप कुमार जाजू ने कहा कि पुष्पा बल्दुआ का सभापति पद पर निर्वाचित होना माहेश्वरी समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में ब्यावर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। महिला परिषद अध्यक्ष वीणा बल्दुआ एवं कुसुम मालू ने भी माल्यार्पण कर स्वागत किया।
वक्ताओं ने कहा कि ब्यावर के विकास के लिए स्वच्छता, सड़क, यातायात, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, उद्यानों के विकास एवं शहर के सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभापति सभी समाजों एवं वर्गों को साथ लेकर शहर के सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य करेंगी।
माहेश्वरी पंचायत बोर्ड की ओर से शहरहित के कार्यों में नगर परिषद को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया गया। सभापति पुष्पा जयकिशन बल्दुआ ने सम्मान के लिए समाजबंधुओं का आभार जताते हुए कहा कि ब्यावर के विकास के लिए सभी के सहयोग और सुझाव लेकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने ब्यावर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं विकसित शहर बनाने को अपनी प्राथमिकता बताया।
कार्यक्रम संयोजक कैलाश झंवर रहे तथा संचालन पंचायत बोर्ड के मंत्री मनीष दरक ने किया। समारोह में सूर्य प्रकाश झंवर, प्रभात राठी, पुरुषोत्तम भूतड़ा, कपिल झंवर, नवनीत भराड़िया, श्याम सुंदर झंवर, कुश मूंदड़ा, अभिषेक राठी सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।