अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे केंद्र की योजनाओं का लाभ, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: सांसद महिमा कुमारी मेवाड़

ब्यावर में सांसद की अध्यक्षता में ‘दिशा’ समिति की बैठक आयोजित; मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई, खराब सड़कों को जल्द सुधारने और जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश।

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।जिला कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को कड़े लहजे में निर्देशित किया कि विकास कार्यों और आमजन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता जनकल्याण और क्षेत्र का चहुंमुखी विकास है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक अनिवार्य रूप से पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय (Coordination) के साथ काम करें।
मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान और कानून व्यवस्था पर जोर
आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों पर गंभीर रुख अपनाते हुए सांसद ने अधिकारियों को जिले में नकली घी, पनीर और खाद्य तेल बेचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाकर कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने को कहा।
सड़क, पानी और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश
बैठक में बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा करते हुए सांसद ने क्षतिग्रस्त सड़कों की तुरंत मरम्मत कराने, जल जीवन मिशन के लंबित कार्यों में तेजी लाने और पेयजल संकट का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए उन्होंने संबंधित टेंडर और ठेकेदारों की जानकारी सार्वजनिक करने तथा अतिक्रमण के मामलों में बिना किसी भेदभाव के निष्पक्ष कार्रवाई करने की बात कही।
किसान और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा
सांसद ने स्वयं सहायता समूहों (SHGs) द्वारा तैयार उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराने और जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। वहीं, किसानों को सुरक्षा कवच देने के उद्देश्य से ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ का लाभ दिलाने के लिए पात्र किसानों का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा।

शिविरों का मिले अधिकतम लाभ
सांसद ने वर्तमान में चल रहे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन के काम समय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठकों में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर अधिकारी तत्काल और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें। बैठक के अंत में जिला कलक्टर कमल राम मीना ने सांसद और जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए निर्देशों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, मसूदा विधायक वीरेन्द्र सिंह कानावत, जिला कलक्टर कमल राम मीना, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, जिला परिषद अजमेर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामप्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गोपाल लाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।