भारत विकास परिषद आजाद शाखा के खेलकूद सप्ताह में क्रिकेट का रोमांच

सुमित जागेटिया की 85 रन की विस्फोटक पारी, खेल मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात*

(पंकज पोरवाल)

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलहल|भारत विकास परिषद आजाद शाखा द्वारा आयोजित वार्षिक खेलकूद सप्ताह के दूसरे दिन क्रिकेट मुकाबलों में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। विभिन्न वर्गों में खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चौकों-छक्कों की झड़ी लगा दी। मैदान पर मौजूद दर्शकों ने हर मुकाबले का भरपूर आनंद लिया। शाखा के प्रशांत खटोड़, विनीत शर्मा, अमित सोनी सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वरिष्ठ वर्ग के सबसे चर्चित मुकाबले में विवेकानंद टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 126 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सुमित जागेटिया ने मात्र 33 गेंदों में नाबाद 85 रनों की तूफानी एवं आकर्षक पारी खेलकर सभी का दिल जीत लिया। उनकी पारी में चौकों और छक्कों की शानदार बरसात देखने को मिली। 126 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिवाजी टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पूरी टीम केवल 47 रन पर सिमट गई। इस प्रकार विवेकानंद टीम ने 79 रनों के बड़े अंतर से शानदार जीत दर्ज की। सुमित जागेटिया को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्वसम्मति से मैन ऑफ द मैच चुना गया। महिला वर्ग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबला खेला। भगत टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 51 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आजाद श्एश् टीम ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए मात्र 6 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए विजया सोमानी को विमेन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दिन के पहले मुकाबले में आजाद वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 42 रन बनाए। जवाब में शिवाजी सुपर जॉइंट्स ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए केवल 6.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर आसान जीत दर्ज की। शानदार खेल के लिए विशाल राठी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में पटेल स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 42 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी तिलक टाइटंस टीम ने विस्फोटक शुरुआत करते हुए मात्र दूसरे ओवर में ही मुकाबला जीत लिया। इस मैच में स्वयं सोमानी के शानदार प्रदर्शन पर उन्हें मैन ऑफ द मैच के सम्मान से नवाजा गया। दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला सुभाष कैपिटल्स और भगत रॉयल्स के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सुभाष कैपिटल्स ने 45 रन बनाए। जवाब में भगत रॉयल्स की टीम ने अंत तक संघर्ष किया, लेकिन लक्ष्य से मात्र चार रन दूर रह गई। सुभाष कैपिटल्स ने चार रनों से रोमांचक जीत दर्ज की। इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले राज आर्यन सेठी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। शाखा पदाधिकारियों ने बताया कि खेलकूद सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य परिषद सदस्यों एवं उनके परिवारों में खेल भावना, आपसी सौहार्द, स्वास्थ्य जागरूकता तथा संगठनात्मक एकता को बढ़ावा देना है।