प्रतिभाशाली छात्रों के लिए प्रोत्साहन पुरस्कारों की वर्षा, बोर्ड में उत्कृष्ट अंक लाने पर मिलेंगे 11-11 हजार रुपये
अनिल कुमार
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|भारत विकास परिषद नेताजी सुभाष शाखा, ब्यावर द्वारा स्थानीय राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में ‘गुरुवंदन छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षकों के सम्मान के साथ-साथ उत्कृष्ट विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया और विद्यालय विकास हेतु भामाशाहों द्वारा सहयोग राशि की घोषणाएं की गईं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में परिषद के संयुक्त सचिव सुनील कुमार हरकुट ने परिषद द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक एवं सेवा प्रकल्पों का विस्तृत परिचय दिया। संयोजक (संपर्क) सुरेंद्र लाल माथुर ने गुरु महिमा पर विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने घोषणा की कि बोर्ड परीक्षा 2027 में कक्षा 12 में 95 प्रतिशत से अधिक तथा कक्षा 10 में 98 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को परिषद की ओर से 11,000 रुपये का नगद पारितोषिक प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान परिषद के ‘भारत को जानो’ प्रभारी हेमंत काबरा, प्रकल्प प्रभारी भरतेश कुमार जैन तथा सेवा गतिविधि संयोजक जे.पी. अजमेरा ने विद्यालय के शिक्षकों का सम्मान किया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थियों—वंश, राजवीर सिंह, सविता, कार्तिक जांगिड़ एवं कृष्णा को प्रतीकात्मक रूप से सम्मानित किया गया।
संस्था प्रधान रोहित जैन की प्रेरणा से विद्यालय के पारी प्रभारी नन्द सिंह चौहान ने विद्यालय के माइक सेट के लिए 11,000 रुपये तथा बोर्ड परीक्षा में प्रत्येक संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5,100 रुपये देने की घोषणा की। इसी क्रम में कक्षा 10 के छात्र तन्मय के पिता राजेंद्र सिंह ने भी माइक सेट हेतु 11,000 रुपये नगद राशि विद्यालय को भेंट की।
समारोह के अंत में प्रधानाचार्य रोहित जैन ने परिषद के पदाधिकारियों, अतिथियों एवं अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन हर्षित पारीक ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
