राजस्थान बार काउंसिल चुनाव में सुरेशचंद्र श्री माली की लगातार पांचवीं जीत, भीलवाड़ा में अधिवक्ताओं ने किया भव्य स्वागत

जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में वकीलों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से किया अभिनंदन, जीत को अधिवक्ताओं के विश्वास की मुहर बताया
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|राजस्थान बार काउंसिल चुनाव में लगातार पांचवीं बार विजयी होने पर कांग्रेस नेता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेशचंद्र श्री माली का भीलवाड़ा पहुंचने पर अधिवक्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जिला बार एसोसिएशन परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में उन्हें फूल-मालाओं से लादकर जीत की बधाई दी गई।
इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, विधि व्यवसाय से जुड़े लोग एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने सुरेशचंद्र श्री माली की लगातार पांचवीं जीत को अधिवक्ता समुदाय के विश्वास और उनकी सक्रिय कार्यशैली की जीत बताया।
स्वागत समारोह के दौरान उपस्थित अधिवक्ताओं ने कहा कि बार काउंसिल में श्री माली का अनुभव और नेतृत्व प्रदेशभर के अधिवक्ताओं के हितों की मजबूती से आवाज उठाता रहा है। वहीं सुरेशचंद्र श्री माली ने सभी अधिवक्ताओं एवं समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी अधिवक्ताओं के अधिकारों, कल्याण और न्यायिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान बार परिसर में उत्साह का माहौल रहा और समर्थकों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जीत का जश्न मनाया।