भार्गवी सिंह ने राज्यस्तरीय ताइक्वांडो खेल प्रतियोगिता में जीता सिल्वर मेडल ; नेशनल ट्रायल के लिए चयन

थांवला ।लुकमान शाह
स्मार्ट हलचल।ब्यावर में चल रही राज्य स्तरीय ताइक्वांडो खेल प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के मुकाबलों में पदक जीतने के लिए खिलाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिल रही है। इसी प्रतियोगिता में नागौर जिले के थांवला कस्बे की प्रतिभावान ताइक्वांडो खिलाड़ी भार्गवी सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। भार्गवी सिंह ने प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें दोनों खिलाड़ियों के बीच अंतिम क्षणों तक कड़ा मुकाबला देखने को मिला। भार्गवी सिंह को फाइनल के रोमांचक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। हालांकि, उनके शानदार प्रदर्शन के चलते उनका नेशनल ताइक्वांडो ट्रायल के लिए चयन हुआ है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भार्गवी ने तकनीक, फुर्ती और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए अपने मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन किया। फाइनल में मामूली अंतर से गोल्ड से चूकने के बावजूद सिल्वर मेडल और नेशनल ट्रायल में चयन उनके खेल करियर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। भार्गवी सिंह की इस उपलब्धि से उनके विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, शिक्षकों और परिजनों ने उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर के ट्रायल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस ट्रायल में गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी को हराने के बाद दूसरी बार उनको नेशनल खेलने का मौका मिलेगा । भार्गवी की मेहनत और निरंतर अभ्यास ने एक बार फिर साबित किया है कि छोटे कस्बों से निकलने वाली प्रतिभाएं भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। अब भार्गवी की नजरें नेशनल ताइक्वांडो ट्रायल पर हैं, जहां वह अपने प्रदर्शन को और बेहतर करने के लक्ष्य के साथ उतरेंगी।