राज्य स्तरीय ताइक्वांडो में जयपुर का दबदबा

1168 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, चूरू दूसरे और अजमेर-बीकानेर संभाग रहे संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर

अनिल कुमार खींची ब्यावर । स्मार्ट हलचल।स्थानीय श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ विद्यालय में शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित 17-19 वर्ष छात्र-छात्रा राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 36 जिलों से 1168 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें 619 छात्र और 549 छात्राएं शामिल रहीं।समापन समारोह के मुख्य अतिथि वर्धमान शिक्षण समिति के सदस्य शांतिलाल नाबरिया ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा शंकर लाल शर्मा ने की। उन्होंने खिलाड़ियों को जंक फूड से दूरी रखने तथा मोबाइल का न्यूनतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

वर्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं प्रतियोगिता के नियमों का पालन करने पर बधाई दी। वरिष्ठ तकनीकी सलाहकार योगेश सैनी ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि 17 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग में 13-13, 19 वर्ष छात्र वर्ग में 10 तथा 19 वर्ष छात्रा वर्ग में 11 भार वर्गों में मुकाबले हुए।

प्रतियोगिता में जयपुर संभाग ने प्रथम स्थान, चूरू संभाग ने द्वितीय तथा अजमेर एवं बीकानेर संभाग ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई। अतिथियों का साफा एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, वहीं प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहयोग करने वाले शिक्षकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता की समापन घोषणा जिला शिक्षा अधिकारी शंकर लाल शर्मा ने की तथा अतिथियों ने प्रतियोगिता ध्वज का अवरोहण किया।

विशिष्ट अतिथि दीपचंद कोठारी, देवराज कोठारी, सुनील कुमार ओस्तवाल, देवराज लोढ़ा एवं विशाल नाहर उपस्थित रहे। संयोजक एवं प्रधानाचार्य डॉ. निवेदिता पाठक ने सभी अधिकारियों, तकनीकी सलाहकारों, शारीरिक शिक्षकों एवं खिलाड़ियों का आभार जताया।

समारोह में महेश शर्मा, नेमीचंद यादव, गजेंद्र तुनगारिया, सुमनबाला सैनी, नीतू विजय, महेश ओलानिया, प्रहलाद सिंह, रतन सिंह, किशन प्रजापति, मनोहर सोलंकी, गोपाल शर्मा, सुरेंद्र शर्मा एवं राजेंद्र प्रजापति सहित अन्य उपस्थित रहे। उद्घोषक की भूमिका आशा संत, सुनीता चौधरी एवं गुरुशरण गोयल ने निभाई।