भीलवाड़ा साइबर थाना की बड़ी सफलता: ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर 32.75 लाख की ठगी करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)। साइबर अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा साइबर थाना पुलिस ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ के जरिए 32.75 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विभिन्न बैंक खातों में 16.36 लाख रुपए होल्ड कराए, जिनमें से 13.46 लाख रुपए पीड़ित को वापस दिलाने के लिए न्यायालय से आदेश भी प्राप्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
अनिल कुमार उर्फ नन्हे (31) पिता लेखराज, निवासी मकान संख्या 19/07, देवीलाल कॉलोनी, गुरुग्राम (हरियाणा)। आरोपी गुरुग्राम सेक्टर-9ए थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ 15 मामलों में चालान पेश हो चुके हैं और पुलिस रिकॉर्ड में “बैड कैरेक्टर” के रूप में दर्ज है।
सीबीआई जज और पुलिस अधिकारी बनकर लगाया डर का जाल
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमंत नेगीया के निर्देशन तथा साइबर थाना प्रभारी आयुष क्षोत्रिय (IPS प्रोबेशनर) के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
14 अप्रैल 2026 को प्रार्थी प्रहलाद राय सोडानी (74) निवासी संजय कॉलोनी, भीलवाड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 मार्च को उन्हें कॉल कर बताया गया कि उनके आधार कार्ड से मुंबई में सिम जारी हुआ है और उससे अश्लील मैसेज भेजे गए हैं। इसके बाद लगातार व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर खुद को सीबीआई जज और पुलिस अधिकारी बताकर उन्हें “डिजिटल अरेस्ट” का भय दिखाया गया।
एफडी तुड़वाकर भी हड़पे रुपए
ठगों ने डर और दबाव बनाकर 7 अप्रैल को प्रार्थी के खाते से 22.50 लाख रुपए और 10 अप्रैल को उनकी पत्नी सुषीला के खाते की एफडी तुड़वाकर 10.25 लाख रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। इस तरह कुल 32.75 लाख रुपए की साइबर ठगी की गई।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच अधिकारी रामशरण उपनिरीक्षक ने तकनीकी अनुसंधान करते हुए संदिग्धों की पहचान की। विशेष टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी और गुरुग्राम निवासी अनिल कुमार उर्फ नन्हे को गिरफ्तार कर लिया।
होल्ड कराए लाखों रुपए, रिफंड की प्रक्रिया शुरू
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के बैंक खातों में 16,36,153 रुपए होल्ड करवाए। इनमें से 13,46,153 रुपए पीड़ित को लौटाने के लिए न्यायालय से आदेश प्राप्त कर लिया गया है।
पुलिस टीम
- रामशरण – उपनिरीक्षक, साइबर थाना भीलवाड़ा
- बाबूलाल – कांस्टेबल
- प्रभुराम – कांस्टेबल
- प्रवीण – कांस्टेबल
👉 भीलवाड़ा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी या कोर्ट अधिकारी बताने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें तथा किसी भी स्थिति में डरकर बैंकिंग जानकारी या पैसे ट्रांसफर न करें।
