सावधान! गैस सिलेंडर के इस्तेमाल में लापरवाही पड़ सकती है भारी, तेल कंपनियों ने जारी की नई सुरक्षा गाइडलाइन

सावधान! गैस सिलेंडर के इस्तेमाल में लापरवाही पड़ सकती है भारी, तेल कंपनियों ने जारी की नई सुरक्षा गाइडलाइन

ब्यावर, स्मार्ट हलचल (अनिल कुमार)। भारत सरकार की प्रमुख ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (IOC, BPC, IPC) द्वारा आम जनता और गैस उपभोक्ताओं की सुरक्षा के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की गई है। इस गाइडलाइन में गैस सिलेंडर के उपयोग के दौरान बरती जाने वाली विशेष सावधानियों और आपातकालीन स्थिति में किए जाने वाले उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया है।

रसोई में इन नियमों का करें पालन

  • गैस सिलेंडर को हमेशा सीधा खड़ा रखें, कभी लेटाकर उपयोग न करें।
  • गैस चूल्हा सिलेंडर से कम से कम 6 इंच ऊपर समतल स्थान पर रखें।
  • रसोई में पेट्रोल या केरोसिन जैसे ज्वलनशील पदार्थ न रखें।
  • हर 5 साल में पाइप (सुरक्षा होज) बदलना अनिवार्य है।

खाना बनाते समय बरतें सावधानी

  • चूल्हा जलाने से पहले माचिस जलाएं और उसके बाद ही गैस ऑन करें।
  • सूती वस्त्र या एप्रन का प्रयोग करें।
  • गर्म बर्तनों को पकड़ने के लिए हमेशा संडासी का उपयोग करें, कपड़े का पल्लू न लें।

आपातकालीन स्थिति में क्या करें

  • गैस की दुर्गंध या रिसाव होने पर बिजली का कोई भी स्विच न छुएं और न ही माचिस जलाएं।
  • तुरंत सभी खिड़की-दरवाजे खोल दें और रेगुलेटर हटाकर सेफ्टी कैप लगा दें।
  • किसी भी तरह के रिसाव की शिकायत के लिए उपभोक्ता अपने गैस वितरक या हेल्पलाइन 1906 पर तुरंत संपर्क करें।

तेल कंपनियों ने सख्त हिदायत दी है कि गैस सिलेंडर से गैस निकालने या रिफिलिंग जैसा अवैध कार्य कतई न करें, यह जानलेवा साबित हो सकता है।