सभी 45 जिला परिषद सदस्यों ने किया मतदान; अनारक्षित सीट पर एसटी वर्ग से आने वाले पूर्व प्रधान मीणा को उतारने का कांग्रेस का दांव सफल, गुरुवार को होगा उप प्रमुख का चुनाव
भीलवाड़ा/मांडलगढ़ (स्मार्ट हलचल)पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत भीलवाड़ा जिला प्रमुख पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया बुधवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न हुई। निर्वाचन में इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी कैलाश चंद्र मीणा जिला प्रमुख निर्वाचित हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने बताया कि जिला प्रमुख पद के निर्वाचन के लिए जिला परिषद के कुल 45 सदस्यों ने मतदान किया।
45 में से 31 मत मिले, भाजपा के सुखालाल को 17 मतों से हराया
मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी कैलाश चंद्र मीणा के पक्ष में 31 मत प्राप्त हुए, जबकि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सुखालाल को 14 मत मिले। इस प्रकार कैलाश चंद्र मीणा ने 17 मतों के अंतर से जीत हासिल की। गुरुवार, 26 नवंबर को जिला परिषद के उप प्रमुख पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित होगी।
🛑 भीलवाड़ा जिला प्रमुख निर्वाचन 2026 : मुख्य बिंदु
- विजेता: कैलाश चंद्र मीणा (कांग्रेस) — 31 मत।
- प्रतिद्वंद्वी: सुखालाल (भाजपा) — 14 मत; जीत का अंतर 17 मत।
- आगामी प्रक्रिया: 26 नवंबर को होगा जिला परिषद उप प्रमुख का चुनाव।
मांडलगढ़-बिजौलियां क्षेत्र का प्रभाव, ग्रामीण विकास पर रहेंगी निगाहें
पूर्व में शिवचरण माथुर, हफीज मोहम्मद, कमला धाकड़, रतन लाल भील, कन्हैयालाल धाकड़ व शक्ति सिंह हाड़ा के बाद एक बार फिर मांडलगढ़-बिजौलियां क्षेत्र को प्रतिनिधित्व मिला है। अनारक्षित सीट पर एसटी वर्ग से आने वाले पूर्व प्रधान व खनन व्यवसायी कैलाश मीणा को उतारने का निर्णय सफल रहा। इस सफलता में ग्रामीण जिलाध्यक्ष रामलाल जाट, पूर्व विधायक धीरज गुर्जर, पूर्व विधायक प्रदीप कुमार सिंह, पूर्व प्रधान गोपाल मालवीय और प्रद्युम्न सिंह (हैप्पी बन्ना) की सक्रियता की भी चर्चा रही। अब जिले के 45 वार्डों में ग्रामीण विकास, सड़क, पेयजल व जनकल्याणकारी योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।