(पंकज पोरवाल)
दो करोड़ रुपए मुआवजे सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर फैक्ट्री गेट पर दिया धरना, 17.50-17.50 लाख की सहायता पर बनी सहमति
भीलवाड़ा ।स्मार्ट हलचल|दो सगे भाइयों की मौत के बाद परिवार को आर्थिक सुरक्षा दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को आरएसडब्ल्यूएम फैक्ट्री के बाहर करीब 11 घंटे तक विरोध प्रदर्शन चला। रीको ग्रोथ सेंटर स्थित फैक्ट्री में केमिकल हौद की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आकर जान गंवाने वाले दोनों भाइयों के परिजन और ग्रामीण सुबह से ही फैक्ट्री गेट पर धरने पर बैठ गए। पीड़ित परिवार के समर्थन में दौसा जिले के रामपुरा और आसपास के गांवों से करीब 50 से 60 लोग हमीरगढ़ पहुंचे। ग्रामीणों का कहना था कि दो कमाने वाले बेटों की मौत के बाद परिवार के सामने चार मासूम बच्चों की परवरिश और शिक्षा का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में कंपनी को परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी समझते हुए बच्चों के भविष्य की स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए। दो करोड़ रुपए मुआवजे सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू हुए प्रदर्शन के बाद आखिरकार फैक्ट्री प्रबंधन को बातचीत के लिए आगे आना पड़ा। लंबी वार्ता के बाद प्रबंधन ने दोनों मृतकों के आश्रित परिवारों को 17.50-17.50 लाख रुपए के दो चेक सौंपे। कुल 35 लाख रुपए की सहायता मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
दो करोड़ मुआवजे सहित रखी थीं पांच मांगें
परिजनों और सर्वसमाज की ओर से कंपनी प्रबंधन एवं प्रशासन को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया था। इसमें दोनों मृतकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए यानी कुल दो करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग प्रमुख थी। इसके अलावा दोनों मृतकों के मासिक वेतन की 50 प्रतिशत राशि परिवारों को नियमित देने, चारों बच्चों के 18 वर्ष की आयु तक भरण-पोषण, स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा का खर्च उठाने तथा दोनों बेटियों के विवाह के लिए एफडी करवाने की मांग रखी गई थी। मांग पत्र में पीएफ, ग्रेच्युटी, ईएसआईसी और दुर्घटना बीमा सहित सभी वैधानिक लाभों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल थी। परिजनों का कहना था कि परिवार ने अपने दो कमाने वाले सदस्यों को खोया है, ऐसे में केवल तत्काल आर्थिक सहायता पर्याप्त नहीं है। बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए स्थायी व्यवस्था जरूरी है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाली बातचीत की कमान
धरने की सूचना पर एसडीएम महेश गगोरिया, सीओ सदर अंजली सिंह और तहसीलदार रामप्रसाद खटीक सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिजनों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच बातचीत करवाकर सहमति बनाने के प्रयास किए। करीब 11 घंटे तक चली समझाइश और वार्ता के बाद सहायता राशि को लेकर सहमति बनी। इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सहायक अभियंता दिलीप मीणा और वैज्ञानिक अनुसंधान अधिकारी श्वेता दाधीच भी मौके पर मौजूद रहे। वहीं, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हमीरगढ़ थाना प्रभारी भंवरलाल चौधरी के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता तैनात रहा।
सुरक्षा इंतजामों पर भी उठाए सवाल
धरने के दौरान परिजनों ने आरएसडब्ल्यूएम फैक्ट्री प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि हादसे के बाद मौके पर सेफ्टी शूज और केमिकल हौद के अंदर एग्जॉस्ट फैन लगाए गए। परिजनों ने सवाल किया कि यदि श्रमिकों की सुरक्षा के लिए ऐसे इंतजाम पहले से मौजूद होते तो शायद हादसे को टाला जा सकता था। उन्होंने फैक्ट्री में गैस की नियमित जांच, पर्याप्त वेंटिलेशन, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
35 लाख की सहायता पर धरना समाप्त, बाकी मांगों पर नजर
करीब 11 घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से दोनों मृतकों के आश्रितों को 17.50-17.50 लाख रुपए के चेक सौंपे गए। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। हालांकि, पांच सूत्रीय मांग पत्र में शामिल बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, भरण-पोषण, बेटियों के विवाह और अन्य वैधानिक लाभों को लेकर आगे क्या व्यवस्था होती है, इस पर पीड़ित परिवार की नजर रहेगी। दो परिवारों के भविष्य से जुड़ा यह मामला अब केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं, बल्कि श्रमिक सुरक्षा और आश्रितों की दीर्घकालीन आर्थिक सुरक्षा का भी बड़ा सवाल बन गया है।