भीलवाड़ा निगम एक्शन मोड में: महापौर का 5 वार्डों में औचक दौरा, आयुक्त ने सफाई व्यवस्था पर कसा शिकंजा

कहीं टूटी सड़कें, कहीं जर्जर भवन तो कहीं कचरे का जमाव—महापौर और आयुक्त ने मौके पर देखीं खामियां, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

(महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।शहर की जनसमस्याओं और बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम सक्रिय नजर आ रहा है। महापौर जसवंत कंवर ने उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, क्षेत्रीय पार्षदों और निगम अधिकारियों के साथ वार्ड 4, 5, 6, 15 एवं 16 का औचक निरीक्षण कर सड़क, नाला, सीवरेज और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया। वहीं, निगम आयुक्त कमल सिंह यादव ने पुलिस लाइन और बाबा धाम क्षेत्र में सफाई एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
महापौर ने मौके पर देखीं जनसमस्याएं
महापौर ने स्थानीय लोगों और पार्षदों की शिकायतें सुनकर अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। वार्ड 4 और 5 में नालों की मरम्मत, रोड लाइट के समय में बदलाव, श्रीराम चौराहे के पास नई स्ट्रीट लाइट लगाने तथा सीवरेज कार्य के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण जल्द पूरा करने को कहा।
वार्ड 6 की लेबर कॉलोनी में जर्जर एवं खतरनाक भवन को हटाने, सार्वजनिक मूत्रालय की मरम्मत तथा टूटी सड़कों और नालियों का जीर्णोद्धार कराने के निर्देश दिए। वार्ड 15 और 16 में सीवरेज लाइन बिछाने के बाद सड़कों के पुनर्निर्माण में तेजी लाने को कहा।
आयुक्त ने सफाई व्यवस्था पर दिखाई सख्ती
दूसरी ओर, आयुक्त कमल सिंह यादव ने पुलिस लाइन और बाबा धाम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, नालियों की स्थिति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कचरे का जमाव और सफाई संबंधी कमियां मिलने पर उन्होंने संबंधित स्वच्छता निरीक्षक एवं जमादार को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
अब निर्देशों पर अमल की परीक्षा
महापौर और आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं और सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालांकि, शहरवासियों को वास्तविक राहत तभी मिलेगी, जब निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देश धरातल पर नजर आएंगे। अब निगाहें इस बात पर हैं कि टूटी सड़कों, खराब स्ट्रीट लाइट, नालियों और सफाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान कितनी समयबद्धता से होता है।