नगर निगम में भाजपा का दबदबा, महापौर के बाद उपमहापौर भी निर्विरोध

नगर निगम में भाजपा का दबदबा, महापौर के बाद उपमहापौर भी निर्विरोध

जसवंत कंवर के बाद सोमानी ने भी निर्विरोध जीता मैदान, दोनों ने ली पद की शपथ; आज विधि-विधान से संभालेंगे निगम की कमान

महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल।नगर निगम भीलवाड़ा में भाजपा ने महापौर के बाद अब उपमहापौर पद पर भी निर्विरोध निर्वाचन कराकर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत कर ली है। महापौर जसवंत कंवर के बाद वार्ड 16 से दूसरी बार पार्षद निर्वाचित राधेश्याम सोमानी निर्विरोध उपमहापौर चुने गए। खास बात यह रही कि निर्धारित समय सीमा तक सोमानी के सामने किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके साथ ही निगम के दोनों प्रमुख पदों पर निर्विरोध निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी हो गई।

नामांकन से पहले भाजपा कार्यालय में शक्ति प्रदर्शन

मंगलवार सुबह राधेश्याम सोमानी भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद पार्टी नेताओं और समर्थकों के साथ वे नामांकन दाखिल करने नगर निगम पहुंचे। नामांकन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, संगठन जिला प्रभारी संजय जैन और नवनिर्वाचित महापौर जसवंत कंवर सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

वार्ड 43 के पार्षद बनवारीलाल जोशी ने राधेश्याम सोमानी के नाम का प्रस्ताव रखा। निर्धारित समय तक दूसरा नामांकन नहीं आने पर निर्वाचन अधिकारी ने सोमानी को निर्विरोध उपमहापौर निर्वाचित घोषित कर दिया।

महापौर-उपमहापौर दोनों पद भाजपा के खाते में

महापौर पद पर जसवंत कंवर के निर्विरोध निर्वाचन के बाद उपमहापौर पद पर भी सोमानी का निर्विरोध चुना जाना भाजपा के लिए अहम राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। निगम के दोनों शीर्ष पद अब भाजपा के पास हैं, जबकि निगम में भाजपा के 45 पार्षद निर्वाचित हुए हैं।

निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, प्रहलाद त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया, भूपेंद्र सिंह बिलिया, शशांक बिड़ला सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जसवंत कंवर ने ली महापौर पद की शपथ

इससे पहले निर्वाचन अधिकारी प्रतिभा देवठिया ने नवनिर्वाचित महापौर जसवंत कंवर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ के साथ ही जसवंत कंवर आधिकारिक रूप से भीलवाड़ा नगर निगम की महापौर बन गईं।

इसके बाद निगम के राजनीतिक नेतृत्व में महापौर और उपमहापौर दोनों पदों पर भाजपा की नई टीम का गठन पूरा हो गया।

आज 11 बजे संभालेंगे निगम की कमान

नवनिर्वाचित महापौर जसवंत कंवर और उपमहापौर राधेश्याम सोमानी बुधवार सुबह 10.30 बजे नगर निगम परिसर में विधि-विधान के साथ पदभार ग्रहण करेंगे। पदभार ग्रहण समारोह को लेकर निगम स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

45 पार्षदों ने ली शपथ, निगम में नई टीम की औपचारिक शुरुआत

इधर भाजपा के सभी 45 नवनिर्वाचित पार्षद मंगलवार दोपहर भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे। जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने पार्षदों का स्वागत-अभिनंदन किया। इसके बाद सभी पार्षद सामूहिक रूप से नगर निगम पहुंचे, जहां निर्वाचन अधिकारी प्रतिभा देवठिया ने उन्हें पार्षद पद की शपथ दिलाई और निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए।

इसी दौरान राधेश्याम सोमानी को भी उपमहापौर पद की शपथ दिलाई गई।

अब बुधवार को महापौर और उपमहापौर के पदभार ग्रहण के साथ नगर निगम में भाजपा की नई निर्वाचित टीम औपचारिक रूप से कामकाज संभाल लेगी।