भीलवाड़ा: प्रतापनगर पुलिस और डीएसटी की बड़ी कार्रवाई, 82 वर्षीय वृद्धा से चेन स्नैचिंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

भीलवाड़ा: प्रतापनगर पुलिस और डीएसटी की बड़ी कार्रवाई, 82 वर्षीय वृद्धा से चेन स्नैचिंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

भीलवाड़ा (स्मार्ट हलचल)। जिले में संगठित अपराधों और चेन स्नैचिंग की वारदातों पर लगाम कसते हुए जिला विशेष टीम (डीएसटी) और प्रतापनगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने आजादनगर में एक 82 वर्षीय वृद्धा के गले से सोने की चेन लूटने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मकान किराये पर लेने के बहाने तोड़ी 2 तोले की चेन

जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5:30 बजे आजादनगर निवासी 82 वर्षीय सज्जन देवी सेन अपने मकान के बाहर खड़ी थीं। तभी बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और मकान किराये पर लेने के बहाने बातचीत करने लगे। बातों में उलझाकर उन्होंने अचानक वृद्धा के गले पर झपट्टा मारा और 2 तोले की सोने की चेन तोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

तकनीकी साक्ष्यों से दबोचा गया शातिर ‘गजानंद’

एसपी धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना संकलन के आधार पर मुख्य आरोपी पवन उर्फ गजानंद पटवा (40) निवासी मांडल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी तंग गलियों में अकेली बुजुर्ग महिलाओं को अपना निशाना बनाते थे।

इस कार्रवाई में प्रतापनगर थानाधिकारी राजपाल सिंह के साथ डीएसटी के कांस्टेबल पवन कुमार, हरवीर, अनिल कुमार, गीतम सिंह और धर्मेन्द्र का विशेष योगदान रहा। फिलहाल पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।