I4C पोर्टल से मिले इनपुट पर कार्रवाई, संदिग्ध बैंक खातों के जरिए ठगी का खुलासा
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा पुलिस ने साइबर फ्रॉड गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘म्युल हंटर’ अभियान के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना हमीरगढ़ पुलिस ने साइबर अपराधों में लिप्त विष्णु शर्मा और मुकेश शर्मा को दबोचकर नेटवर्क का खुलासा किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन के निर्देशन एवं वृताधिकारी हरजीराम आरपीएस के सुपरविजन में थानाधिकारी सुनील कुमार बेड़ा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस मुख्यालय एवं भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र (I4C-MHA) द्वारा संचालित पोर्टल से प्राप्त इनपुट के आधार पर संदिग्ध लोकेशन, एटीएम विदड्रॉल, चेक ट्रांजेक्शन और बैंक खातों का गहन विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान संदिग्ध बैंक खाताधारकों से पूछताछ में साइबर ठगी में संलिप्तता सामने आई।
इस पर थाना हमीरगढ़ में प्रकरण संख्या 65/25 धारा 316(2), 318(4), 61(2)(ए) बीएनएस व 66डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
विष्णु शर्मा (29) पिता रामप्रसाद शर्मा, निवासी आमली पुरावतान, थाना हमीरगढ़, जिला भीलवाड़ा।
मुकेश शर्मा (45) पिता रामचंद्र शर्मा, निवासी आरके कॉलोनी, थाना सुभाषनगर, जिला भीलवाड़ा।
कार्रवाई में शामिल टीम:-
थानाधिकारी सुनील कुमार बेड़ा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विकास यादव, हेड कांस्टेबल विशंभर दयाल, कांस्टेबल राहुल पायला एवं बलवीर की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठगी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाएगा।
