जोबनेर में गौ सम्मान की ऐतिहासिक हुंकार, 51 हजार हस्ताक्षरों के साथ एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

गौमाता के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब, संतों के सानिध्य में जोबनेर बना गौभक्ति का केंद्र

अजय सिंह (चिंटू)

जोबनेर -स्मार्ट हलचल|गौमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान को समर्पित एक भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन सोमवार को जोबनेर में संपन्न हुआ। प्रदेशव्यापी गौ सम्मान जनजागरण अभियान के तहत जोबनेर ने अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज कराते हुए जनसमर्थन, श्रद्धा और संकल्प का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। पूज्य संत श्री श्री 1008 श्री हीरा पुरी महाराज (जयरामपुरी तपोस्थली, डूंगरी कला) एवं संत श्री कृपा राम जी कालख बांध के पावन सानिध्य में आयोजित इस विराट कार्यक्रम में हजारों गौभक्तों, मातृशक्ति एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत गौमाता पूजन से हुआ। श्रद्धालुओं ने गौमाता के चरणों में पुष्प अर्पित कर अपनी आस्था, श्रद्धा और समर्पण व्यक्त किया। इसके पश्चात संतों ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधनों से जनसमूह में नई चेतना, ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
पूज्य श्री हीरा पुरी महाराज ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, धर्म और जीवन मूल्यों की आधारशिला हैं। जहां गौमाता का सम्मान होता है, वहां सुख, समृद्धि, शांति और धर्म का वास होता है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि गौमाता को राष्ट्र स्तर पर सर्वोच्च सम्मान दिलाने के लिए सभी को एकजुट होकर इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देना चाहिए।
संत श्री कृपा राम जी ने गौमाता को धरती का चलता-फिरता तीर्थ बताते हुए कहा कि गौसेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं और गौसंरक्षण से बढ़कर कोई पुण्य नहीं। उनके प्रेरक विचारों ने उपस्थित श्रद्धालुओं में गौसेवा के प्रति नई ऊर्जा और समर्पण का भाव जागृत किया।
इस अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि पिछले डेढ़ माह से चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के अंतर्गत जोबनेर तहसील क्षेत्र से 51 हजार से अधिक हस्ताक्षर एकत्रित किए गए। यह अभूतपूर्व जनसमर्थन गौमाता के प्रति समाज की अटूट आस्था और समर्पण का सशक्त प्रमाण है।
कार्यक्रम के अंतर्गत जैन गुरुकुल, रेनवाल रोड, जोबनेर से गौमाता की आकर्षक सजीव झांकी के साथ एक विशाल रैली निकाली गई। बैंड-बाजों, रामधुन और जयघोषों के बीच निकली यह अनुशासित एवं शांतिपूर्ण रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर रैली का भव्य स्वागत किया। भीषण गर्मी के बावजूद गौभक्तों का उत्साह और समर्पण देखते ही बन रहा था।
रैली के समापन पर सभी गौभक्त एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां जोबनेर की उपखंड अधिकारी नेहा राठी को प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के साथ 51 हजार हस्ताक्षरों का संकलन भी प्रस्तुत किया गया।
उपखंड अधिकारी नेहा राठी ने सभी की भावनाओं का सम्मान करते हुए आश्वासन दिया कि यह ज्ञापन शीघ्र ही संबंधित उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने गौमाता के संरक्षण, सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
प्रदेशभर में गौ सम्मान को लेकर चल रहा यह अभियान अब एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। विभिन्न स्थानों पर गौभक्त पदयात्राएं निकाल रहे हैं, ज्ञापन सौंप रहे हैं, रैलियां आयोजित कर रहे हैं तथा गौमाता के सम्मान के लिए जनजागरण का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। जोबनेर का यह आयोजन इसी जनआंदोलन की एक प्रेरणादायक, ऐतिहासिक और अविस्मरणीय कड़ी बन गया है।