खखरेरू /फतेहपुर:स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार शाम करीब छह बजे पीड़िता की बड़ी बेटी अपनी 15 वर्षीय छोटी बहन के साथ अढैया चौराहा सामान लेने गई थी। आरोप है कि चौराहे पर पड़ोसी गांव घरवासीपुर निवासी सुशील कुमार पुत्र ज्ञान सिंह उर्फ कल्लू वहां पहुंचा और बड़ी बहन से कहा कि वह यहीं रुक जाए, वह किशोरी को सामान दिलाकर लाता है। इसके बाद वह किशोरी को अपने साथ ले गया।
पीड़िता के अनुसार शाम सात बजे तक न तो किशोरी घर लौटी और न ही आरोपी युवक। अनहोनी की आशंका पर मां ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी सुशील कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। किशोरी और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
