बैडमिंटन के सितारों से सजेगा भीलवाड़ा, जुटेंगे उत्तर भारत के धुरंधर शटलर, 2 सितंबर से नॉर्थ जोन चैंपियनशिप

पंकज पोरवाल

छह राज्यों के खिलाड़ी उतरेंगे कोर्ट पर, फोरआर्म्स एकेडमी में राष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों की तैयारी पूरी

भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा में अगले पांच दिन बैडमिंटन के रोमांच से सराबोर रहने वाले हैं। सांगानेर रोड स्थित फोरआर्म्स बैडमिंटन एकेडमी में 2 से 6 सितंबर तक योनेक्स-सनराइज नॉर्थ जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप के मुकाबले खेले जाएंगे। राजस्थान बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में और भीलवाड़ा जिला बैडमिंटन संघ की मेजबानी में होने वाली इस प्रतियोगिता में उत्तर भारत के प्रमुख राज्यों के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन सचिव अभिषेक शर्मा ने बताया कि राजस्थान के कई स्टार खिलाड़ी भीलवाड़ा पहुंच चुके हैं। इनमें भारतीय टीम के पूर्व जूनियर सदस्य शुभम पटेल, डेनिष श्रीवास्तव, भुवन सिंह, आयुष भाम्भू, जागृत बिनानी और आर्यन त्यागी शामिल हैं। महिला वर्ग में ऑल इंडिया जूनियर रैंकिंग विजेता पारुल चौधरी के साथ स्नेहा लांबा, तनिषा सिंह, काव्या स्वामी, शिरिल चौधरी, रितिका झामनानी, देशना जैन और आराध्या जोधा भी पहुंच चुकी हैं। खिलाड़ियों ने कोच सौरभ चंदेल के मार्गदर्शन में एकेडमी के आधुनिक कोर्ट पर अभ्यास शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि राजस्थान के शेष खिलाड़ी भी 31 अगस्त तक भीलवाड़ा पहुंचेंगे। वहीं दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ की टीमें 1 सितंबर तक यहां पहुंच जाएंगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों, कोचों और मैच ऑफिशियल के ठहरने, सात्विक एवं पौष्टिक भोजन तथा मैच स्थल तक परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई है। चैंपियनशिप में विभिन्न जूनियर एवं सीनियर आयु वर्गों में एकल और युगल मुकाबले होंगे। पांच दिनों तक चलने वाले इन मुकाबलों में उत्तर भारत के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।