(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा | स्मार्ट हलचल।भारत सरकार के केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने भीलवाड़ा दौरे के दौरान टेक्सटाइल उद्योग और आधारभूत सुविधाओं को लेकर बड़ा भरोसा दिलाया। रिको ग्रोथ सेंटर स्थित भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन के अभिनंदन समारोह में उन्होंने कहा कि देश की प्रमुख वस्त्र नगरी भीलवाड़ा को एयर और रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
मेघवाल ने कहा कि भीलवाड़ा के उद्योगपतियों की मेहनत और दूरदर्शिता ने शहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। उन्होंने मेगा टेक्सटाइल पार्क के लिए भीलवाड़ा को सबसे उपयुक्त बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगी।
इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सांसद दामोदर अग्रवाल के साथ हमीरगढ़ हवाई पट्टी का निरीक्षण कर एयर कनेक्टिविटी की संभावनाओं का जायजा लिया। सांसद अग्रवाल ने कहा कि बेहतर हवाई और रेल संपर्क से जिले के उद्योग, व्यापार और निर्यात क्षेत्र को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में विधायक अशोक कोठारी, टेक्सटाइल फेडरेशन के पदाधिकारी, उद्योगपति और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने हवाई पट्टी के संभावित विकास कार्यों की जानकारी दी।