वीआईपी कल्चर से दूर रहेंगे नेता: खुद लगाएंगे झाड़ू, धोएंगे अपने बर्तन और गांवों में गुजारेंगे रात
अनिल कुमार
ब्यावर ।स्मार्ट हलचल।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के तत्वावधान में अजमेर के पुष्कर में “संगठन सृजन अभियान” के तहत राजस्थान और दिल्ली कांग्रेस के जिलाध्यक्षों का ऐतिहासिक 10-दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर रविवार से शुरू हो गया। इस उच्च स्तरीय शिविर के उद्घाटन सत्र में ब्यावर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष किशोर चौधरी ने विशेष रूप से भाग लिया।
शिविर के पहले दिन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संदेशों को सभी जिलाध्यक्षों के समक्ष रखा गया। उद्घाटन सत्र में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रशिक्षण विभाग के प्रभारी सचिन राव, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
सादगी और कड़े अनुशासन का पाठ:
23 मई से 1 जून तक चलने वाले इस शिविर में सभी नेताओं को वीआईपी संस्कृति से दूर रहना होगा। ब्यावर जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी ने बताया कि शिविर के दौरान सभी जिलाध्यक्ष खुद झाड़ू लगाएंगे, अपने बर्तन धोएंगे और गांवों में जाकर जनता से सीधा संवाद करते हुए ग्रामीण रात्रि विश्राम करेंगे। शिविर में ‘टीम सचिन राव’ द्वारा लीडरशिप, इलेक्शन मैनेजमेंट और सोशल मीडिया संचालन की ट्रेनिंग दी जा रही है। आगामी दिनों में राहुल गांधी और अशोक गहलोत भी जिलाध्यक्षों की क्लास लेंगे।
चौधरी ने कहा कि इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण से प्राप्त ऊर्जा और सांगठनिक कौशल का उपयोग कर वे ब्यावर जिले में कांग्रेस को बूथ स्तर पर सबसे मजबूत और अभेद्य ताकत के रूप में स्थापित करेंगे।
