दो मामलों को लेकर कलेक्ट्रेट पर गरजे भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता, 24 मांगों और श्मशान भूमि विवाद पर सौंपा ज्ञापन

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर गुरुवार को भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी सहित विभिन्न संगठनों के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने दो अलग-अलग मामलों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।जिलाध्यक्ष पंकज डीडवानिया ने बताया कि भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में देशभर के जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन देने का कार्यक्रम रखा गया है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम पहले 24 सितंबर को दिल्ली में प्रस्तावित था, लेकिन अंतिम समय में अनुमति रद्द होने के बाद जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया।

उन्होंने कहा कि ज्ञापन में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिलाओं और वंचित वर्गों के सामाजिक न्याय, सम्मान, अवसर तथा उचित प्रतिनिधित्व से जुड़ी 24 प्रमुख मांगें शामिल हैं।

वहीं, दूसरा मामला मांडलगढ़ के बैरवा समाज से जुड़ा बताया गया। डीडवाना ने आरोप लगाया कि चरनोट भूमि पर स्थित श्मशान घाट का रास्ता तारबंदी कर बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि हाल ही में समाज के एक व्यक्ति की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे लोगों को रास्ता बंद मिलने से परेशानी हुई। उनका दावा है कि उक्त भूमि चरनोट खातेदार की भूमि के रूप में निर्धारित है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में तहसीलदार मौके पर पहुंचे, लेकिन समाज के लोगों के साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया और स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। इसी मामले को लेकर भीलवाड़ा जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई और रास्ता खुलवाने की मांग की गई।