भीलवाड़ा में सड़कों पर उतरा गोभक्तों का सैलाब: 3.47 लाख हस्ताक्षरों के साथ राष्ट्रपति – प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग

साधु – संत ओर हिन्दू समाज नंगे पांव पहुंचे कलेक्ट्रेट

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा में गो सम्मान अभियान के द्वितीय चरण के तहत सोमवार को हरिशेवा धाम से जिला कलेक्ट्रेट तक विशाल पदयात्रा निकाली गई। विधायक अशोक कोठारी सहित बड़ी संख्या में गोभक्त नंगे पांव चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गो माता को राष्ट्रमाता घोषित करने तथा देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।

विधायक अशोक कोठारी ने बताया कि अभियान के तहत देश के 780 जिला केंद्रों पर एक साथ ज्ञापन दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मांग देश की आजादी के समय ही पूरी हो जानी चाहिए थी। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधीजी ने भी स्वराज से अधिक गो रक्षा को महत्वपूर्ण बताया था।

कोठारी ने बताया कि अभियान का लक्ष्य 40 करोड़ हस्ताक्षर एकत्र कर केंद्र सरकार को सौंपना है। प्रथम चरण 27 अप्रैल 2026 को पूरा हुआ था, जिसमें सवा पांच करोड़ हस्ताक्षर जुटाए गए। वहीं द्वितीय चरण में देशभर से 15 करोड़ अतिरिक्त हस्ताक्षर जोड़ने का लक्ष्य है। भीलवाड़ा जिले से इस चरण में 3 लाख 47 हजार हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन सौंपा गया।

इस अवसर पर करेड़ा से महंत सरजू दास के नेतृत्व में तथा घलवा से जैन संत सुरेश मुनि के सानिध्य में गोभक्त पदयात्रा कर भीलवाड़ा पहुंचे। विधायक ने सभी नागरिकों से अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि “गो माता सुखी होगी, तभी मानव सुखी होगा।”