बड़ी खबर: हाईवे के गड्ढे बने मौत का कारण, स्विफ्ट कार की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत
सुरेश चन्द्र मेघवंशी | मोड़ का निंबाहेड़ा
स्मार्ट हलचल|आसींद थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात्रि को एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ब्राह्मणों की सरेरी कस्बे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-158 स्थित पुलिया पर हुआ, जहां हाईवे पर बने गहरे गड्ढे को बचाने के प्रयास में एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक से टकरा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पालड़ी निवासी कमलेश पुत्र नारायण बलाई, बिहार के छपरा निवासी भूरा उर्फ निजाम खान तथा बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी बृजेश सहनी पुत्र भूषण सहनी भीलवाड़ा में कैटरिंग का कार्य करते थे। मंगलवार देर रात्रि को कार्य समाप्त कर तीनों बाइक से पालड़ी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान आसींद से भीलवाड़ा की ओर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि कमलेश बलाई और निजाम खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बृजेश सहनी ने भीलवाड़ा अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
हाईवे के गड्ढों पर फिर उठे सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-158 के इस हिस्से पर पुलिया के पास लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। मृतक के परिजननो द्वारा थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि कार चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था और नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह भीषण हादसा हुआ।
ग्रामीणों का आरोप है कि हाईवे पर बने इन गड्ढों के कारण पिछले दो वर्षों में 10 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अब तक स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई।
परिवार में पसरा मातम
हादसे की सूचना मिलते ही पालड़ी गांव सहित मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। कमलेश बलाई चार भाइयों में सबसे छोटे थे। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवारों में कोहराम मच गया।
आसींद थाना पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया । पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
